1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गर्लफ्रेंड ने किया 'ब्रेकअप' तो परेशान हो गया GAIL का इंजीनियर, होटल में जहर खाकर दे दी जान

गर्लफ्रेंड ने किया 'ब्रेकअप' तो परेशान हो गया GAIL का इंजीनियर, होटल में जहर खाकर दे दी जान

 Published : Apr 09, 2026 10:41 pm IST,  Updated : Apr 09, 2026 10:41 pm IST

GAIL में काम करने वाले 27 साल के एक इंजीनियर ने पीलीभीत में कथित रूप से जहर खाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप और उसकी शादी तय होने से वह मानसिक तनाव में था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

GAIL engineer suicide, Pilibhit suicide case, breakup depression India, engineer suicide news- India TV Hindi
गेल के इंजीनियर ने जहर खाकर जान दे दी। Image Source : PIXABAY REPRESENTATIONAL

पीलीभीत: गेल (इंडिया) लिमिटेड में काम करने वाले 27 साल के एक इंजीनियर दीपांशु ने उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में एक होटल में कथित रूप से जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने गुरुवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मृतक दीपांशु बरेली के योशलपुर का रहने वाला था। वह पिछले 5 साल से एक युवती के साथ प्रेम संबंध में था। युवती सरकारी अध्यापिका है और फिलहाल पीलीभीत में तैनात है। दीपांशु अपनी गर्लफ्रेंड की शादी कहीं और तय होने से बहुत परेशान था।

6 महीने पहले हुआ था युवती से ब्रेकअप

पुलिस ने जानकारी दी कि 6 महीने पहले दीपांशु की गर्लफ्रेंड ने 'ब्रेकअप' कर लिया था, जिसके बाद से वह मानसिक तनाव में रहने लगा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दीपांशु अगस्त 2025 में गेल इंडिया लिमिटेड में इंजीनियर पद पर नियुक्त हुआ था और दिल्ली में तैनात था। एक सप्ताह पहले वह घर वालों से नौकरी पर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन पीलीभीत पहुंचकर एक होटल में रुक गया। बुधवार रात उसने जहर खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर उसने एक दोस्त को फोन किया। दोस्त ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान दीपांशु की मौत हो गई।

'जांच के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई'

घटना के बारे में जानकारी देते हुए सुनगढ़ी पुलिस के थाना प्रभारी नरेश त्यागी ने कहा, 'शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। फोरेंसिक टीम ने होटल के कमरे से साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं। जांच में पता चला कि दीपांशु 5 साल से इस महिला के साथ रिश्ते में था, जिसने 6 महीने पहले रिश्ता खत्म कर दिया था।' जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमाकांत सागर ने पुष्टि की कि युवक की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और चल रही जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।