1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मैप पर अंधा भरोसा, पानी देखने के बावजूद नाले में गिरा दी कार, 2 घंटे में दमकल की टीम ने किया रेस्क्यू

मैप पर अंधा भरोसा, पानी देखने के बावजूद नाले में गिरा दी कार, 2 घंटे में दमकल की टीम ने किया रेस्क्यू

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jun 15, 2026 09:58 am IST,  Updated : Jun 15, 2026 10:27 am IST

पीड़ित ने बताया कि उसे पानी दिखा था, लेकिन मैप सीधा रास्ता दिखा रहा था। ऐसे में उसने कार पानी में उतार दी और वह फंस गई। इसके बाद कार में मौजूद सभी लोग बाहर निकले। दो बच्चों को भी बाहर निकाला गया और मदद मांगी गई।

Car in drain- India TV Hindi
नाले में फंसी कार Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के हापुड़ से तकनीक पर आंख मूंदकर भरोसा करने का एक ऐसा चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने सबको हैरान कर दिया है। देर रात दादरी से एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने किठौर जा रहा परिवार नाले में फंस गया। घटना हापुड़ के श्यामनगर में हुई। कार का ड्राइवर ऑनलाइन मैप के बताए रास्ते पर चल रहा था। डिजिटल मैप ने उन्हें स्क्रीन पर बिल्कुल सीधा और साफ रास्ता दिखाया, लेकिन हकीकत में वह रास्ता आगे जाकर एक गहरे और बड़े नाले में तब्दील हो जाता था। रात के अंधेरे में मैप के निर्देशों का पालन करते हुए जैसे ही कार चालक ने गाड़ी आगे बढ़ाई, कार अनियंत्रित होकर सीधे कीचड़ और पानी से भरे गहरे नाले में जा गिरी।

नाले में गिरने के बाद कार बुरी तरह फंस गई और पानी का दबाव होने के कारण उसके दरवाजे बंद हो गए, जिससे गाड़ी में सवार एक ही परिवार के चार सदस्य और दो मासूम बच्चे भीतर ही कैद हो गए।

कार के अंदर कैद हुआ परिवार

कार सवार पीड़ित युवक साहिल ने अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि उन्होंने ऐप में रास्ता सीधा देखकर गाड़ी अंदर बढ़ा दी थी, लेकिन वहां गहरा पानी था, जिसमें उनकी गाड़ी धंस गई। बंद गाड़ी के भीतर दमघोंटू माहौल और आधी रात के खौफ के बीच पूरा परिवार करीब 2 घंटे तक जिंदगी और मौत की जंग लड़ता रहा। इसी दौरान किसी तरह उन्होंने मोबाइल के जरिए आपातकालीन नंबर 112 पर फोन मिलाकर दमकल विभाग और पुलिस को इस घटना के होने की सूचना दी।  जिसके बाद दमकल विभाग ने उनका रेस्क्यू किया।

दमकल की टीम ने किया रेस्क्यू

दमकल विभाग के मौजूद लीडिंग फायरमैन नरेंद्र कुमार ने इस रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी देते हुए बताया कि श्यामनगर में नाले के अंदर कार में लोगों के फंसे होने की सूचना पर उनकी टीम तुरंत घटना स्थल पर पहुंची थी। दमकल कर्मियों और पुलिस बल ने बेहद सूझबूझ और तेजी दिखाते हुए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे सभी लोगों को बेहद सावधानी से एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते मिली मदद के कारण इस बेहद खतरनाक हादसे में सभी की जान बच गई और कोई जनहानि नहीं हुई। 

क्रेन की मदद से बाहर निकली कार

यह पूरी घटना हापुड़ कोतवाली के अंतर्गत आने वाले श्यामनगर ग्राम के रास्ते की है। कार सवारों को सुरक्षित निकालने के बाद क्रेन और स्थानीय उपकरणों की मदद से नाले में फंसी गाड़ी को बाहर निकाला गया। यह हादसा उन सभी वाहन चालकों के लिए एक बहुत बड़ी चेतावनी और सबक है, जो अनजान रास्तों पर सफर करते समय पूरी तरह से नेविगेशन ऐप्स पर निर्भर हो जाते हैं।

(हापुड़ से निशांक शर्मा की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

'घर सूने हो रहे और वृद्धाश्रम बढ़ रहे, यह मन को व्यथित करता है', विश्व वृद्धजन दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस पर सीएम योगी की पाती

गंगा कटान से गांव बचाने को ग्रामीणों ने खुद संभाला मोर्चा, चंदा जुटाकर बना रहे अस्थाई बांध

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।