वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वाराणसी दौरे के दौरान शहर और आसपास के क्षेत्रों को विकास की कई बड़ी सौगातें दीं। प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने वाराणसी में आयोजित महिला सम्मेलन में भाग लिया जहां पूरे क्षेत्र से बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थीं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने लगभग 6,350 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया और सभा को संबोधित भी किया। अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने महिला आरक्षण बिल के कुछ प्रावधानों के संसद में पास न होने को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा।
Related Stories
'एक बड़े लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आशीर्वाद चाहिए'
महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'भारत को विकसित बनाने का मिशन अनवरत चल रहा है। और जब मैं विकसित भारत की बात करता हूं तो उसका सबसे मजबूत स्तंभ भारत की नारीशक्ति है। कांशी के सांसद के तौर पर, देश के प्रधानमंत्री के तौर पर, मुझे देशहित के एक बड़े लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आपका आशीर्वाद चाहिए और ये बड़ा लक्ष्य है लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए आरक्षण को लागू करना। मैं आज मातृ शक्ति से आशीर्वाद लेने आया हूं। हमारी सरकार की नीतियों में निरंतर महिला कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।' अपने भाषण के दौरान पीएम ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।
'सपा और कांग्रेस की वजह से प्रयास सफल नहीं हुआ'
पीएम मोदी ने महिला आरक्षण बिल संसद में पास न होने को लेकर कांग्रेस और सपा पर निशाना साधते हुए कहा, 'अभी कुछ दिन पहले सपा और कांग्रेस जैसे दलों की वजह से हमारा यह प्रयास संसद में सफल नहीं हो पाया लेकिन मैं आप सभी बहनों को फिर से भरोसा देता हूं कि आपके आरक्षण का हक लागू हो, इसमें कोई कोर कसर बाकी नहीं छोडूंगा। हमारी काशी माता श्रृंगार गौरी, माता अन्नपूर्णा, माता विशालाक्षी, माता संकठा और मां गंगा, ऐसी दिव्य शक्तियों की भूमि है। ऐसे में आप सभी बहन-बेटियों के इस समागम ने इस अवसर को बहुत दिव्य बना दिया है।'
48 पूर्ण परियोजनाओं को राष्ट्र को किया समर्पित
प्रधानमंत्री ने इस दौरान 1,050 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 48 पूर्ण परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया। इनमें वाराणसी-आजमगढ़ सड़क का चौड़ीकरण, कज्जाकपुरा और कादीपुर में रेल ओवरब्रिज का उद्घाटन तथा भगवानपुर में 55 एमएलडी क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का शुभारंभ शामिल है। इसके साथ ही जल जीवन मिशन के तहत 30 ग्रामीण पेयजल योजनाएं भी शुरू की गईं, जिससे ग्रामीण इलाकों में स्वच्छ पानी की उपलब्धता बढ़ेगी। प्रधानमंत्री ने सांस्कृतिक और पर्यटन विकास से जुड़ी कई परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया, जिनमें चंद्रावती घाट का पुनर्विकास, सारनाथ के पास सारंगनाथ मंदिर का पर्यटन विकास और नागवा स्थित संत रविदास पार्क का सौंदर्यीकरण शामिल है।
2 नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी
प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर 2 नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों, बनारस–पुणे (हडपसर) और अयोध्या–मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) को भी हरी झंडी दिखाई, जिससे कई राज्यों के बीच कनेक्टिविटी और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा रामनगर में एकीकृत संभागीय कार्यालय, नगर निगम भवन और बाल आश्रय गृह व किशोर न्याय बोर्ड की भी आधारशिला रखी गई। प्रधानमंत्री ने बनास डेयरी से जुड़े उत्तर प्रदेश के दूध आपूर्तिकर्ताओं को 105 करोड़ रुपये से अधिक का बोनस भी ट्रांसफर किया। इसके अलावा वाराणसी जंक्शन–पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन तीसरी और चौथी रेलवे लाइन परियोजना की आधारशिला रखी गई, जिसमें गंगा नदी पर रेल-सह-सड़क पुल भी शामिल है।
112 से अधिक परियोजनाओं की आधारशिला रखी
पीएम मोदी ने इसके अलावा यूपी कॉलेज में सिंथेटिक हॉकी टर्फ, रामनगर में 100 बिस्तरों वाला वृद्धाश्रम, भेलूपुर जल शोधन संयंत्र में 1 मेगावाट का सौर ऊर्जा संयंत्र और तिब्बती अध्ययन केंद्रीय विश्वविद्यालय में सोवा रिग्पा भवन एवं अस्पताल का उद्घाटन भी किया गया। इसी दौरान प्रधानमंत्री ने लगभग 5,300 करोड़ रुपये की 112 से अधिक परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। इनमें अमृत 2.0 के तहत 13 सीवरेज और जल आपूर्ति योजनाएं, 500 बिस्तरों वाला मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल, भोजुवीर और सिगरा में बाजार व कार्यालय परिसर, कई तालाबों का पुनर्विकास, 198 बिस्तरों वाले अस्पताल के पुनर्निर्माण समेत कई परियोजनाएं शामिल है।