1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. प्रयागराज में दिल दहला देने वाली वारदात, रात के अंधेरे में 3 गूंगे लोगों की धारदार हथियार से हत्या

प्रयागराज में दिल दहला देने वाली वारदात, रात के अंधेरे में 3 गूंगे लोगों की धारदार हथियार से हत्या

 Reported By: Imran Laeek Written By: Malaika Imam
 Published : Aug 04, 2026 06:54 pm IST,  Updated : Aug 04, 2026 07:15 pm IST

प्रयागराज में तीन गूंगे लोगों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। जब रात के समय तीनों सो रहे थे, तभी इस हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। मरने वालों में दो महिलाएं और एक पुरुष थे।

तीन मूकबधिर की हत्या- India TV Hindi
तीन मूकबधिर की हत्या Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के शाहगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गढ़ी कला मोहल्ले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक घर में घुसकर तीन लोगों की हत्या कर दी गई। तीनों गूंगे थे। तीनों की हत्या धारदार हथियार से की गई थी। घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है। जिनकी हत्या हुई हैं, उनमें दो महिलाएं और एक पुरुष थे।

तीनों एक एक मकान में किराए पर रह रहे थे और ये लोग कबाड़ बीनने का काम करते थे। इस हत्या का लोगों को सुबह पता चला। मकान मालिक ने दरवाजा बंद देखा तो झांककर देखा, कमरे में तीनों की लाश खून से सनी पड़ी थी। हमले के वक्त तीनों चीख भी नहीं सके, क्योंकि मरने वाले तीनों गूंगे थे। पुलिस इस हत्याकांड के पीछे आपसी झगड़े को वजह मान रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में पुलिस इस तिहरे हत्याकांड के पीछे इन्हीं के गुटों का हाथ मानकर जांच कर रही है। पुलिस आस-पास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान हो सके।

मेठी में युवक की गला रेतकर हत्या

एक अन्य खबर में यूपी के अमेठी जिले के गौरीगंज क्षेत्र में 22 वर्षीय एक युवक की गला रेतकर कथित तौर पर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मानसिंह का पुरवा कटरा लालगंज निवासी अंकित कश्यप के रूप में हुई है और इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने परिजनों के हवाले से बताया कि अंकित रविवार को दिल्ली जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। काफी तलाश के बाद गौरीगंज कस्बे में सुखई यादव के घर से उसका शव बरामद हुआ। 

परिजनों का आरोप है कि सुखई यादव ने अंकित को अपने घर में बंधक बनाकर रखा और कथित रूप से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि लगभग तीन वर्ष पहले अंकित ने सुखई यादव की भतीजी से प्रेम विवाह किया था। प्रारंभिक जांच में इसी पुराने पारिवारिक विवाद को हत्या का संभावित कारण माना जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया और मामले में आवश्यक अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी.ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों के बयान दर्ज किए। उन्होंने कहा कि मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

ये भी पढ़ें-

राजा-सोनम रघुवंशी की शादी के बकाया कैटरिंग बिल की शिकायत थाने में नहीं हुई दर्ज, दोनों परिवारों ने भी पल्ला झाड़ लिया

झारखंड परीक्षा घोटाले के मास्टरमाइंड अभय तिवारी को लेकर बड़ा खुलासा, 13 साल में पास की 12 प्रतियोगी परीक्षाएं, पत्नी और भाई भी कर रहे नौकरी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।