1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. गार्ड साहब के जिगरे को सलाम! बाड़े से बाहर निकल कर झांक रहा था दरियाई घोड़ा, गार्ड ने थप्पड़ लगाकर भेजा अंदर

गार्ड साहब के जिगरे को सलाम! बाड़े से बाहर निकल कर झांक रहा था दरियाई घोड़ा, गार्ड ने थप्पड़ लगाकर भेजा अंदर

 Written By: Pankaj Yadav
 Published : Jun 06, 2025 01:10 pm IST,  Updated : Jun 06, 2025 01:10 pm IST

दरियाई घोड़ा दिखने में भले ही भारी-भरकम और सुस्त लगे, लेकिन ये दुनिया के सबसे खतरनाक जानवरों में से एक है। ये 30 मील प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकते हैं और इनका मुंह इतना बड़ा होता है कि वे एक बार में पूरा तरबूज चबा जाए। ऐसे में गार्ड का हिप्पो को थप्पड़ मारना कोई छोटा-मोटा कारनामा नहीं।

हिप्पो को थप्पड़ जड़ता गार्ड- India TV Hindi
हिप्पो को थप्पड़ जड़ता गार्ड Image Source : SOCIAL MEDIA

सोशल मीडिया पर जंगली दुनिया के वीडियो अक्सर वायरल होते रहते हैं। जहां हमें कुछ न कुछ ऐसा दिखता है जिसे देख लोग या तो हंसते-हंसते लोटपोट हो जाते हैं या फिर डर के मारे उनकी सांसें थम जाती हैं। हाल में ही एक ऐसा ही वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि एक दरियाई घोड़ा अपने बाड़े से बाहर निकल कर झांक रहा है और पर्यटकों के बिल्कुल करीब पहुंच गया है। आप देख सकते हैं कि कैसे ये भारी-भरकम जानवर अपने बाड़े से बाहर झांक रहा था, लेकिन वहां मौजूद गार्ड ने उसे थप्पड़ ही थप्पड़ मारकर वापस पानी में भेज दिया। ये वीडियो देखने में इतना मजेदार है कि लोग कमेंट कर गार्ड से पूछ रहे हैं कि, "भाई, तेरा जिगरा सलामत तो है न?”

गार्ड ने हिप्पो को मारा थप्पड़

वीडियो में एक दरियाई घोड़ा, जो वजन में किसी टैंक से कम नहीं दिख रहा। वह अपने बाड़े की दीवार पर चढ़कर बाहर की दुनिया की सैर करने की जुगत में लगा हुआ है। दरियाई घोड़ा अपना विशाल मुंह बार-बार खोलकर बाहर की हवा खा रहा है। मानो वह ये कह रहा हो कि, “बाहर की हवा खानी है, भाई, मुझे बाहर की हवा खानी है!” लेकिन तभी एक सिक्योरिटी गार्ड उस दरियाई घोड़े के पास आता है और बिना डरे हिप्पो के मुंह पर थप्पड़ जड़ देता है। हिप्पो थोड़ा हक्का-बक्का रह जाता है, लेकिन वह फिर भी अपने बाहर निकलने की जिद पर अड़ा रहता है। जिसके बाद वह गार्ड उसे फिर से दो-चार थप्पड़ और जड़ देता है। इस दौरान कई बार दरियाई घोड़ा गुस्से में अपना मुंह खोले गार्ड को डराने की कोशिश करता है। लेकिन गार्ड नहीं डरता और उसे फिर से थप्पड़ मारता है। थप्पड़ पर थप्पड़ खाने के बाद वह दरियाई घोड़ा समझ जाता है कि उसकी भलाई बाड़े के अंदर रहने में ही है और वह वापस अपने बाड़े को लौट जाता है।

वीडियो पर लोगों ने कुछ इस तरह किया रिएक्ट

सोशल मीडिया पर वायरल यह वीडियो सोशल साइट एक्स पर @PicturesFoIder नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे खबर लिखे जाने तक करीब 60 लाख लोगों ने देखा और 37 हजार लोगों ने लाइक किया है। वीडियो पर तमाम लोगों के कमेंट्स भी आए हैं। जहां एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा- “गार्ड भाई ने तो हिप्पो को ऐसा सबक सिखाया जैसे स्कूल में मास्टर जी सिखाते है।” दूसरा बोला, “हिप्पो को थप्पड़? ये गार्ड तो रियल लाइफ का ‘बाहुबली’ है।” तीसरे ने लिखा- “हिप्पो सोच रहा होगा, अरे, मैं तो बस बाहर झांक रहा था, मुझे क्यों तोड़ा?”

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है। 

ये भी पढ़ें:

दुश्मन ना करे दोस्त ने जो काम किया है...! चीटिंग करते पकड़ाया छात्र तो खोलकर रख दिया पूरे क्लास का काला चिठ्ठा

शेर को घूर रहा था जूकीपर, गुस्से में जंगल के राजा ने कर दिया हमला, मौके पर शेरनी ना होती तो चली जाती जान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।