UPSC की तैयारी करने वाले छात्रों को अपनी मंजिल पाने के लिए बहुत कुछ त्याग करना पड़ता है। उनमें से एक है उनकी नींद क्योंकि कई बार ऐसा होता है कि उन्हें अपनी तैयारी के दौरान रात-रात भर जागना पड़ता है। आमतौर पर किताबें, कॉफी, और रात-रात भर जागने की कहानियों से उनकी संघर्ष की कहानी गढ़ी जाती है। लेकिन पुणे की पूजा माधव वाव्हाल ने इस धारणा को पलटकर रख दिया। दरअसल, UPSC की तैयारी कर रही पूजा ने रात भर जगकर मेहनत करने के बजाय सिर्फ 60 दिन तक हर रात 9 घंटे सोकर 9.1 लाख रुपये की मोटी रकम अपने नाम कर ली। जी हां, आपने सही पढ़ा, यह कोई मजाक नहीं, बल्कि एक सच्चाई है।
क्या है स्लीप इंटर्नशिप का माजरा?
अब आइए आपको बताते हैं कि पूजा ने ये कमाल कैसे किया। आपको बता दें कि पूजा ने ये पैसे वेकफिट की अनोखी 'स्लीप इंटर्नशिप' में जीतकर कमाए हैं। जहां उन्होंने हर रात 9 घंटे की क्वालिटी नींद पूरी कर 'स्लीप चैंपियन ऑफ द ईयर' का खिताब अपने नाम कर लिया। वेकफिट, एक मैट्रेस और स्लीप सॉल्यूशंस कंपनी है। जो 2019 से इस अनोखे इंटर्नशिप प्रोग्राम को चला रही है, जिसका मकसद भारत में नींद की कमी के प्रति जागरूकता फैलाना है। इस साल के चौथे सीजन में 1 लाख से ज्यादा लोगों ने इस इंटर्नशिप के लिए अप्लाई किया था। जिनमें से सिर्फ 15 लोग चुने गए, और पूजा उनमें टॉप पर रहीं। उनका टास्क था हर रात 9 घंटे की क्वालिटी नींद लेना, जिसे वेकफिट के कॉन्टैक्टलेस स्लीप ट्रैकर्स और मैट्रेस की मदद से मॉनिटर किया जाता था। पूजा ने इस इंटर्नशिप के दौरान 91.36 का स्कोर हासिल कर न सिर्फ यह चुनौती जीती, बल्कि 9.1 लाख रुपये का ग्रैंड प्राइज भी अपने नाम कर लिया। बाकी 14 फाइनलिस्ट को भी 1-1 लाख रुपये का इनाम मिला।
दिन में पढ़ाई और रात में चैन की नींद
पूजा, जो IPS बनने का सपना देख रही हैं, दिन में UPSC की कठिन पढ़ाई करती थीं और रात में 9 घंटे की नींद पूरी करती थीं। यह सुनकर शायद कई UPSC छात्रों को हैरानी हो, क्योंकि इस परीक्षा की तैयारी में नींद को अक्सर त्याग दिया जाता है। लेकिन पूजा ने साबित कर दिया कि सही रूटीन और डिसिप्लिन के साथ पढ़ाई और सेहत का बैलेंस बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा, "नींद सिर्फ आराम नहीं, बल्कि रिकवरी और दिमागी स्थिरता के लिए जरूरी है।"
आप भी इस इंटर्नशिप के लिए कर सकते हैं अप्लाई
वेकफिट की स्लीप इंटर्नशिप में हिस्सा लेने के लिए कुछ नियम हैं, जैसे आवेदक की उम्र 22 साल से ज्यादा होनी चाहिए, इसमें सिर्फ एक आवेदन ही मान्य है, और अधूरी या गलत जानकारी देने पर आप डिस्क्वालिफाई हो जाएंगे। चयन प्रक्रिया में ऑनलाइन फॉर्म, वीडियो रिज्यूमे, और इंटरव्यू शामिल हैं। चुने गए इंटर्न्स को वेकफिट के मैट्रेस और स्लीप ट्रैकर्स दिए जाते हैं, और उन्हें स्लीप वर्कशॉप्स और मजेदार टास्क जैसे बेड मेकिंग या अलार्म हंट में हिस्सा लेना होता है। सीजन 5 के लिए आवेदन शुरू हो चुके हैं, और पूजा की जीत ने इसे और पॉपुलर बना दिया है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें:
Video: केन वाली ग्रीन टी पी रही थी लड़की, आखिरी घूंट के बाद अंदर झांककर देखा तो पड़ा मिला एक चूहा