1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पश्चिम बंगाल के 4 पुलिस अधिकारी हुए बहाल, लोकसभा चुनाव से पहले पद से हटाया गया था

पश्चिम बंगाल के 4 पुलिस अधिकारी हुए बहाल, लोकसभा चुनाव से पहले पद से हटाया गया था

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jun 11, 2024 08:45 pm IST,  Updated : Jun 11, 2024 08:45 pm IST

चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव से पहले या उसके दौरान पश्चिम बंगाल के चार पुलिस अधिकारियों को उनके पद से हटा दिया था। चार अधिकारियों में अमीनुल इस्लाम खान भी शामिल हैं।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

पश्चिम बंगाल में चार वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को मंगलवार को राज्य सरकार ने उनके पदों पर बहाल कर दिया। भारतीय निर्वाचन आयोग ने हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनाव से पहले या उसके दौरान उन्हें उनके पद से हटा दिया था। चार अधिकारियों में अमीनुल इस्लाम खान भी शामिल हैं। वह बशीरहाट सब-डिवीजन के एसडीपीओ हैं।

अमीनुल खान के खिलाफ शिकायतें 

लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा ने अमीनुल इस्लाम खान के खिलाफ कई शिकायतें की थीं। विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने एसडीपीओ पर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की ओर से काम करने का आरोप लगाया था। भारतीय निर्वाचन आयोग ने न सिर्फ अमीनुल इस्लाम खान को पद से हटाया था, बल्कि उन्हें ऐसे किसी पद पर ट्रांसफर नहीं करने का भी आदेश दिया था जो, निर्वाचन से संबंधित काम से जुड़ा हो।

मंगलवार को बहाल होने वाले अन्य अधिकारियों में हावड़ा ग्रामीण पुलिस के डीएसपी अमिताभ कोनार, कांथी सब-डिवीजन के एसडीपीओ दिवाकर दास और दार्जिलिंग के डीएसपी अजहरुद्दीन खान शामिल हैं।

अधिकारियों की होगी बहाली

राज्य सचिवालय के सूत्रों ने बताया, "चुनाव आयोग की ओर से ट्रांसफर किए गए नौकरशाहों और पुलिस अधिकारियों को बहाल करने की प्रक्रिया सोमवार को पूर्वी मेदिनीपुर की पूर्व जिला मजिस्ट्रेट जोयोशी दासगुप्ता के साथ शुरू हुई।" राज्य मंत्रिमंडल के एक वरिष्ठ सदस्य ने नाम न बताने की शर्त पर कहा, "धीरे-धीरे चुनाव आयोग की ओर से हटाए गए लगभग सभी अधिकारियों को उनके पदों पर बहाल कर दिया जाएगा।"

लोकसभा चुनाव के नतीजे

बता दें कि लोकसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं और देश में नई NDA सरकार का गठन हो चुका है। इसके बाद पुलिस अधिकारियों को उनके पद पर बहाल करने का फैसला लिया गया है। राज्य की 42 लोकसभा सीटों में से टीएमसी ने 29 पर जीत दर्ज की, जबकि बीजेपी को 12 सीटों पर और कांग्रेस को एक सीटों पर जीत मिली। (IANS)

ये भी पढ़ें-

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।