1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. 'शुभेंदु अधिकारी प. बंगाल के लिए सबसे अच्छे मुख्यमंत्री', मिथुन चक्रवर्ती ने की जमकर तारीफ

'शुभेंदु अधिकारी प. बंगाल के लिए सबसे अच्छे मुख्यमंत्री', मिथुन चक्रवर्ती ने की जमकर तारीफ

 Published : May 16, 2026 10:58 pm IST,  Updated : May 16, 2026 10:58 pm IST

शनिवार को कोलकाता के न्यू टाउन स्थित मिथुन चक्रवर्ती के आवास पर दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक मुलाकात हुई। मिथुन ने शुभेंदु अधिकारी की जमकर तारीफ की और उन्हें पश्चिम बंगाल के लिए सबसे अच्छा मुख्यमंत्री बताया।

Mithun Chakraborty, suvendu adhikari- India TV Hindi
मिथुन चक्रवर्ती और शुभेंदु अधिकारी Image Source : PTI

कोलकाता: कभी बॉलीवुड में अपनी अदाकारी का लोहा मनवाने वाले मिथुन चक्रवर्ती पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के फैन हो गए हैं। बंगाल में बीजेपी के सीनियर नेताओं में गिने जानेवाले मिथुन चक्रवर्ती ने शुभेंदु अधिकारी को ''पश्चिम बंगाल के लिए सबसे अच्छा मुख्यमंत्री'' बताया है। शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को मिथुन के आवास पर उनसे मुलाकात की। उन्होंने कोलकाता के निकट स्थित न्यू टाउन में चक्रवर्ती के आवास का दौरा किया और विभिन्न जिलों के अपने पहले दौरे पर निकलने से पहले लगभग एक घंटे तक चर्चा की। 

बंगाल में वास्तविक बदलाव लाएंगे शुभेंदु

मुख्यमंत्री के दौरे का पहला गंतव्य राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण दक्षिण 24 परगना का डायमंड हार्बर है। चक्रवर्ती ने इस मुलाकात के बाद शुभेंदु को "पश्चिम बंगाल का अब तक का सबसे अच्छा मुख्यमंत्री" बताया और कहा कि उन्हें भरोसा है कि वे आने वाले दिनों में राज्य में "वास्तविक बदलाव" लाएंगे। चक्रवर्ती ने बैठक के बाद पत्रकारों से कहा, ''मैं लोगों को आश्वस्त कर सकता हूं कि उनसे (शुभेंदु से) बेहतर मुख्यमंत्री कोई नहीं हो सकता। वह सर्वश्रेष्ठ हैं। उन्होंने शपथ लेने के बाद पहले दिन से काम शुरू कर दिया है।'' 

मिथुन का आभार व्यक्त करने पहुंचे थे शुभेंदु

केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार भी उसी आवासीय परिसर में रहते हैं जहां मिथुन चक्रवर्ती रहते हैं। भाजपा नेताओं ने इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट और हालिया चुनाव अभियान में चक्रवर्ती की भूमिका के प्रति आभार व्यक्त करने का एक जरिया बताया। शुभेंदु ने बैठक के बाद कहा कि मिथुन चक्रवर्ती पिछले पांच-छह वर्षों से पार्टी के लिए दिन-रात काम कर रहे थे और राज्य में राजनीतिक परिवर्तन लाने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 

बैठक के बाद मुख्यमंत्री अपने अभियान के तहत दक्षिण 24 परगना के लिए रवाना हो गए, जहां उन्हें एक प्रशासनिक बैठक में हिस्सा लेना था, जिसे फालता विधानसभा सीट पर चुनाव से पहले क्षेत्र में भाजपा के संगठनात्मक आधार को मजबूत करने के प्रयासों के मद्देनजर महत्वपूर्ण राजनीतिक कदम के तौर पर देखा जा रहा है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।