1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. बकरीद के दिन दी जाएगी 'डोनाल्ड ट्रंप' भैंसे की कुर्बानी, मालिक ने 550 रुपये प्रति किलो के भाव से बेचा

बकरीद के दिन दी जाएगी 'डोनाल्ड ट्रंप' भैंसे की कुर्बानी, मालिक ने 550 रुपये प्रति किलो के भाव से बेचा

 Published : May 23, 2026 05:42 pm IST,  Updated : May 23, 2026 05:42 pm IST

हाल ही में वायरल हुआ 'डोनाल्ड ट्रंप' भैंसा बकरीद की कुर्बानी के लिए 550 टका प्रति किलो के भाव से बिक गया। करीब 700 किलो वजन वाले इस भैंसे का सौदा 3 लाख रुपये में हुआ।

Bangladesh buffalo sale, albino buffalo Bangladesh, Eid ul Adha sacrifice animal- India TV Hindi
'डोनाल्ड ट्रंप' भैंसे को उसके मालिक ने कुर्बानी के लिए बेच दिया है। Image Source : ANI

ढाका: बांग्लादेश में ईद-उल-अजहा यानी कि बकरीद से पहले एक अनोखा और दुर्लभ अल्बिनो भैंसा सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। इस भैंसे को उसके अनोखे रूप और बालों की बनावट के कारण मजाकिया तौर पर 'डोनाल्ड ट्रंप' नाम दिया गया था, जो तेजी से वायरल हो गया। यह भैंसा ढाका के पास नारायणगंज जिले में स्थित रबेया एग्रो फार्म में पाला गया था, जहां बकरीद के मौके पर कुर्बानी के लिए जानवरों को तैयार किया जाता है। पिछले दिनों इस भैंसे के वीडियो काफी वायरल हुए थे, और अब खबर आ रही है कि इसे बकरीद की कुर्बानी के लिए बेच दिया गया है।

हल्के गुलाबी रंग का है 'डोनाल्ड ट्रंप' भैंसा

फार्म मालिक जियाउद्दीन मैरदा ने बताया कि 4 साल का यह भैंसा अल्बिनो नस्ल का है। इस भैंसे का रंग हल्का गुलाबी है और यह काफी दुर्लभ माना जाता है। उन्होंने बताया कि इस भैंसे को करीब 10 महीने पहले राजशाही सिटी हाट से खरीदा गया था। इसके बाद उनके छोटे भाई ने इसके बालों की बनावट को देखते हुए इसका नाम 'डोनाल्ड ट्रंप' रख दिया, क्योंकि इसका हेयरस्टाइल अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलता-जुलता लग रहा था। फार्म मालिक ने कहा, 'यह सिर्फ एक प्रतीकात्मक नाम है। जानवर और इंसान की तुलना नहीं की जा सकती। इसे सिर्फ प्यार और मजाक में यह नाम दिया गया था।'

3 लाख रुपये में तय हुआ भैंसे का सौदा

जियाउद्दीन ने बताया कि नाम के चलते यह भैंसा सोशल मीडिया और स्थानीय मीडिया में वायरल हो गया और इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग फार्म पर आने लगे। उन्होंने बताया कि इस भैंसे को आखिरकार लाइव वेट (जिंदा वजन) के आधार पर 550 टका प्रति किलो के भाव से एक व्यापारी को बेच दिया गया है। उन्होंने बताया कि भैंसे का वजन लगभग 700 किलोग्राम है। इस तरह देखा जाए तो भैंसे का सौदा करीब 3.85 लाख टके (करीब 3 लाख रुपये) में तय हुआ है। खरीदार की पहचान मोहम्मद शोरोन के रूप में हुई है, जो जिंजिरा के रसूलपुर इलाके के रहने वाले हैं।

नए मालिक ने भैंसे को छिपाकर रखा

रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने इस भैंसे को बकरीद पर दी जाने वाली कुर्बानी के लिए खरीदा है। न्यूज एजेंसी ANI ने बताया कि जब उनके रिपोर्टर खरीदार के घर पहुंचे तो उन्होंने भैंसे को दिखाने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि अभी उन्हें जानवर की डिलीवरी नहीं मिली है। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि भैंसे के वायरल होने के बाद खरीदार इसे फिलहाल छिपाकर रख रहे हैं ताकि किसी तरह की परेशानी या भीड़भाड़ से बचा जा सके।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश