1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. इजराइल ने 24 घंटे में हमास के 400 ठिकानों पर की बमबारी, डिप्टी कमांडरों सहित 700 लोगों की मौत

इजराइल ने 24 घंटे में हमास के 400 ठिकानों पर की बमबारी, डिप्टी कमांडरों सहित 700 लोगों की मौत

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Oct 25, 2023 06:52 am IST,  Updated : Oct 25, 2023 06:52 am IST

इजराइल पूरी तरह बौखला गया है। गाजा पट्टी पर इजराइली सेना ने हमले और तेज कर दिए हैं। पिछले 24 घंटों में इजराइल ने जोरदार बमबारी करके 400 ठिकानों को ध्वस्त कर दिया, जो हमास ने बनाए थे। हालांकि इस बमबारी में 700 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है।

इजराइली हमले में रिहाइशी इमारतें ध्वस्त।- India TV Hindi
इजराइली हमले में रिहाइशी इमारतें ध्वस्त। Image Source : AP

Israel Hamas War: इजराइल और हमास के बीच संघर्ष जारी है। बौखलाए इजराइल ने गाजा में हमास के ठिकानों पर हमले और ज्यादा तेज कर दिए हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान इजराइल की सेना ने गाजा पट्टी में स्थित हमास के 400 से अधिक ठिकानों पर बमबारी की है। इस बमबारी में 700 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है। मृतकों में हमास के तीन डिप्टी कमांडरों समेत सैकड़ों फिलिस्तीनी नागरिक मारे गए हैं। 

बमबारी में हमास की सुरंगें नष्ट

जानकारी के अनुसार गाजा में 24 घंटे में 704 लोगों की मौत हुई है। इजराइल ने मस्जिदों में बने हमास के कई कमांड सेंटर ध्वस्त कर दिए। एक सुरंग भी नष्ट कर दी, जिसके जरिये आतंकी समुद्र के रास्ते इजराइल में घुसपैठ करते थे। गाजा में स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि इस्राइल के हवाई हमले में अब तक 5791 फिलिस्तीनी  मारे गए हैं। इनमें 704 की मौत पिछले 24 घंटे के दौरान हुए हमलों में हुई है। मंत्रालय ने यह भी बताया कि मृतकों में 2360 बच्चे और 1100 से ज्यादा महिलाएं शामिल हैं।

पेट्रोल स्टेशन पर भी की बमबारी, रिहाइशी इमारतें तबाह

वहीं, अधिकारियों ने बताया कि एक दिन के भीतर बमबारी में 15 घर जमीदोंज हो गए हैं। खान यूनिस में एक पेट्रोल स्टेशन पर बमबारी में एक ही परिवार के कुछ सदस्यों समेत कई लोग मारे गए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगलवार को गाजा पट्टी पर इस्राइल के हवाई हमलों ने कई रिहायशी इमारतें तबाह हो गईं और मलबे के नीचे कई परिवार दफन हो गए। 

हमास को पूरी तरह खत्म करके ही दम लेंगे: नेतन्याहू

उधर, इजराइल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने मंगलवार को एक बार फिर कहा कि वे आतंकी संगठन हमास को पूरी तरह खत्म करके ही दम लेंगे। इसी बीच चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल हजी हलेवी ने साफ कहा कि हम गाजा में जमीनी हमले के लिए तैयार हैं। वहीं बंधकों की रिहाई के लिए बातचीत में मिस्र और कतर अहम भूमिका निभा रहे हैं। इजराइली विदेश मंत्री एली कोहेन ने 7 अक्तूबर के हमास के हमलों के जवाब में गाजा पर कार्रवाई को रोकने की मांग को खारिज कर दिया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश