1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ईरान में सुन्नी मौलवी की हत्या, सड़क किनारे पड़ी मिली लाश, सिर में दागी गई थीं 3 गोलियां

ईरान में सुन्नी मौलवी की हत्या, सड़क किनारे पड़ी मिली लाश, सिर में दागी गई थीं 3 गोलियां

 Published : Dec 10, 2022 05:53 pm IST,  Updated : Dec 10, 2022 05:53 pm IST

ईरान के सिस्तान और बलूचिस्तान प्रांत में एक वरिष्ठ सुन्नी मौलवी की अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ अज्ञात लोग मौलवी को अपने साथ कार में बिठाकर ले गए थे।

Sunni cleric Killed, Sunni Maulvi Killed, Sunni cleric Killed Iran, Sunni Maulvi Killed Iran- India TV Hindi
ईरान में एक वरिष्ठ सुन्नी मौलवी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। Image Source : PIXABAY REPRESENTATIONAL

तेहरान: ईरान में एक वरिष्ठ सुन्नी मौलवी की अज्ञात लोगों ने सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृत मौलवी की लाश रिगी खाश काउंटी में सड़क किनारे पड़ी मिली। दक्षिण-पूर्वी सिस्तान और बलूचिस्तान प्रांत में हुई वरिष्ठ सुन्नी मुस्लिम मौलवी की हत्या ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, ईरानी मीडिया ने सुरक्षा बलों के हवाले से कहा कि खुरासान रजावी प्रांत में उन्होंने एक और मौलवी की हत्या की कोशिश को नाकाम कर दिया। बता दें कि ईरान में लंबे समय से हिजाब विरोधी प्रदर्शनों के चले भी अशांति है।

क्रांति विरोधी समूहों ने दी थी धमकी

प्रेस टीवी ने सिस्तान और बलूचिस्तान के प्रॉसिक्यूटर मेहदी शमसाबादी के हवाले से शुक्रवार को खबर दी कि स्थानीय मौलवी मोलावी अब्दुलवहीद रिगी खाश काउंटी में सड़क किनारे मृत पाए गए। मौलवी अब्दुलवहीद के सिर में 3 गोलियां लगी थीं। सुन्नी मौलवी को पहले कुछ क्रांति-विरोधी समूहों द्वारा धमकी दी गई थी। गुरुवार को कुछ अज्ञात लोग उन्हें अपने साथ ले गए थे। पुलिस ने हत्यारों का पता लगाने के लिए मामले की जांच शुरू कर दी है।

‘बिना लाइसेंस की कार में बैठाकर ले गए’
शमसाबादी ने बताया कि अब्दुलवहीद जब गुरुवार को अपनी मस्जिद में थे, तभी कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें पीछे के दरवाजे से बुलाया था। उन्होंने बताया कि वे लोग मौलवी को एक ऐसी कार में बैठाकर ले गए जिसमें लाइसेंस प्लेट नहीं लगी थी। मोलावी रिगी खास शहर में इमाम हुसैन मस्जिद के शुक्रवार की नमाज के लीडर थे और प्रांत में एक मदरसे में पढ़ाते भी थे। इस बीच, ईरानी सुरक्षा बलों ने खुरासान रजावी प्रांत के मशहद शहर में एक और वरिष्ठ मौलवी की हत्या के प्रयास को विफल कर दिया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश