रोज़मेरी के पानी से लेकर चावल के पानी तक, बालों के लिए प्राकृतिक उपाय अब कमर्शियल स्किनकेयर बिज़नेस को टक्कर दे रहे हैं। आजकल, इंटरनेट पर दालचीनी, यानी सिनेमन वॉटर की खूब चर्चा हो रही है, जिसे आयुर्वेद में लंबे समय से इसके औषधीय गुणों के लिए सराहा जाता रहा है। कई एक्सपर्ट्स का मानना है कि दालचीनी का पानी हेयर ग्रोथ में मदद करता है, बालों का झड़ना कम करता है, और स्कैल्प की सेहत को बेहतर बनाता है। चलिए जानते हैं कैसे?
दालचीनी के पानी से बालों को कौन से फायदे मिलते हैं?
दालचीनी में ऐसे तत्व होते हैं जो बालों की जड़ों तक खून का बहाव बढ़ाकर, सूजन कम करके, बालों की जड़ों को मज़बूत बनाने में मदद करते हैं। यह बालों को टूटने से भी बचाता है और उन्हें ज़रूरी एंटीऑक्सीडेंट्स देता है। स्कैल्प की सूजन को कम करके बालों का झड़ना भी रोकता है। दालचीनी के पानी में सूजन-रोधी गुण होते हैं जो जलन को शांत करते हैं।
घर पर दालचीनी का पानी कैसे बनाएं?
2 कप पानी में दालचीनी की 2 स्टिक उबालें। 15 मिनट तक धीमी आंच पर यह पानी पकाएं और मिश्रण को ठंडा होने दें। अब, इसे छान लें और इस पानी को एक स्प्रे बोतल में भरकर इस्तेमाल करें। आप दालचीनी का पाउडर भी इस्तेमाल कर सकते हैं।इसके लिए 2 कप गुनगुने पानी में 1 बड़ा चम्मच पाउडर मिलाएं। मिश्रण को रात भर रखा रहने दें और इस्तेमाल करने से पहले इसे छान लें।
कैसे करें इस्तेमाल?
आप सीधे स्कैल्प स्प्रे के तौर पर इस्तेमाल कर सकते हैं। इसे स्कैल्प पर लगाएं, 5 मिनट तक हल्के हाथों से मालिश करें और फिर आधे घंटे के लिए इसे लगा रहने दें। इसके बाद, किसी शैम्पू से अपने बाल धो लें।इसका इस्तेमाल हफ़्ते में सिर्फ़ दो बार करें और हमेशा दालचीनी के पानी को पतला करके ही इस्तेमाल करें।
किन्हें नहीं करना चाहिए इस्तेमाल?
अगर आप एक्ज़िमा या सोरायसिस की समस्या से जूझ रहे हैं, या आपको दालचीनी से एलर्जी है या स्कैल्प बहुत ज़्यादा संवेदनशील है, तो दालचीनी के पानी का इस्तेमाल न करें। आखिर में,कम से कम 12 हफ़्तों तक इसका लगातार इस्तेमाल करें, और स्कैल्प में खून का बहाव बेहतर बनाने के लिए इसके साथ-साथ स्कैल्प की मालिश भी ज़रूर करें।