1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. NIA को मिली बड़ी कामयाबी, लंदन में भारतीय उच्चायोग पर हमले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

NIA को मिली बड़ी कामयाबी, लंदन में भारतीय उच्चायोग पर हमले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

 Published : Apr 26, 2024 03:05 pm IST,  Updated : Apr 26, 2024 03:05 pm IST

ब्रिटेन में भारतीय उच्चायोग पर हमले के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसीको बड़ी कामयाबी मिली है। एनआईए ने हमले के आरोपी इंदरपाल सिंह गाबा को गिरफ्तार कर लिया है।

nia- India TV Hindi
nia Image Source : FILE

लंदन: नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी ने लंदन में भारतीय उच्चायोग पर पिछले साल मार्च में हुए हमले के मामले में बृहस्पतिवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए शख्स को पिछले साल पाकिस्तान से भारत में घुसते समय अटारी सीमा पर हिरासत में लिया गया था। अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पश्चिमी लंदन के हाउंस्लो में रहने वाले इंद्रपाल सिंह गाबा को गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) की धारा 13(1), राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम की धारा दो और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 34 के तहत किए गए अपराधों के सिलसिले में बृहस्पतिवार को भारत में गिरफ्तार किया गया। 

एनआईए की रिपोर्ट में क्या 

हमलों के बाद एनआईए द्वारा दर्ज की गई रिपोर्ट के अनुसार, लंदन में इंडिया हाउस के सामने 19 और 22 मार्च, 2023 को दो बड़े हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए थे। प्रदर्शनकारियों के एक बड़े समूह ने 19 मार्च को भारतीय अधिकारियों पर हमला किया, उच्चायोग की इमारत को नुकसान पहुंचाया और भारतीय राष्ट्रध्वज का अपमान किया। रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने 22 मार्च को भारत विरोधी नारे लगाए, भारतीय राष्ट्रध्वज का फिर से अपमान किया और गैरकानूनी व्यवहार किया एवं धमकियां दी। सूत्रों ने बताया कि जांच के तहत कई संदिग्धों से पूछताछ की गई और पंजाब एवं राजस्थान में 31 स्थानों पर तलाशी लेने के बाद जब्ती की गई। सूत्रों ने बताया कि एनआईए की एक जांच टीम ने लंदन का दौरा भी किया था।

लुक आउट सर्कुलर जारी

इंद्रपाल सिंह गाबा समेत कई संदिग्धों के खिलाफ एलओसी (लुक आउट सर्कुलर) जारी किया था। गाबा को नौ दिसंबर, 2023 को अटारी सीमा पर उस समय हिरासत में लिया गया था जब वह पाकिस्तान से भारत में घुसा था। जांच के तहत उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया था और डेटा निकालकर उसका विश्लेषण किया गया था। पिछले साल मार्च में हुए हिंसक विरोध प्रदर्शन के मामले को ब्रिटिश संसद में कई बार उठाया गया और तब से लंदन में भारतीय उच्चायोग के बाहर मेट्रोपॉलिटन पुलिस की सुरक्षा रहती है। 

आम लोगों से मांगी मदद

एनआईए ने पिछले साल जून में पांच वीडियो जारी किए थे और हिंसक विरोध प्रदर्शन में शामिल व्यक्तियों की पहचान करने के लिए आम जनता से मदद मांगी थी। एनआईए का एक दल मामले संबंधी जानकारी एकत्र करने के लिए लंदन आया था और उसने स्कॉटलैंड यार्ड के अधिकारियों से बातचीत की थी। भाषा 

यह भी पढें:

'पुलिस की वर्दी और टोपी', मरियम नवाज के लिए मुसीबत बन गया उनका नया अंदाज

रूस में 'निर्वस्त्र' पार्टी आयोजित करने वाली एक्ट्रेस की बढ़ी मुश्किलें, कोर्ट ने 'ठोका' जुर्माना

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश