1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. अमेरिका ने दी ईरान पर हमले की धमकी तो भड़क गया रूस, बयान जारी कर दी ये सख्त चेतावनी

अमेरिका ने दी ईरान पर हमले की धमकी तो भड़क गया रूस, बयान जारी कर दी ये सख्त चेतावनी

 Published : Jan 14, 2026 06:57 am IST,  Updated : Jan 14, 2026 07:11 am IST

अमेरिका द्वारा ईरान पर हमले की धमकी के बाद रूस भड़क गया है। रूसी विदेश मंत्रालय ने इसे अस्वीकार्य बताते हुए चेतावनी दी कि ऐसे कदम से मध्य पूर्व और वैश्विक सुरक्षा को गंभीर नुकसान होगा। रूस ने ईरान में जारी विरोध प्रदर्शनों के पीछे विदेशी साजिश का आरोप लगाया।

रूस के राष्ट्रपति...- India TV Hindi
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिका के प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप। Image Source : AP

मॉस्को: अमेरिका द्वारा ईरान पर हमले की धमकी के बाद रूस की सख्त प्रतिक्रिया सामने आई है। रूस के विदेश मंत्रालय ने अमेरिका की ईरान पर हमले की धमकी को पूरी तरह से अस्वीकार्य बताया है। मंत्रालय ने मंगलवार को एक बयान में चेतावनी दी कि ऐसे किसी भी हमले से मध्य पूर्व की स्थिति और दुनिया की सुरक्षा के लिए बहुत बुरे परिणाम होंगे। बयान में कहा गया है कि अमेरिका ईरान के मित्र देशों को टैरिफ बढ़ाकर डराने की कोशिश कर रहा है, जो साफ-साफ ब्लैकमेलिंग है।

'ईरान में जारी बवाल के पीछे विदेशी हाथ'

मंत्रालय ने बताया कि ईरान में विरोध प्रदर्शन सामाजिक और आर्थिक समस्याओं की वजह से शुरू हुए हैं, जो पश्चिमी देशों की पाबंदियों से पैदा हुई हैं। साथ ही, बाहरी ताकतें इस बढ़ते हुए सामाजिक तनाव का फायदा उठाकर ईरान की सरकार को अस्थिर करने और उसे बर्बाद करने की कोशिश कर रही हैं। बयान में आरोप लगाया गया कि ईरान में जो बवाल हो रहा है उसके पीछे विदेश से निर्देशित कुछ ट्रेन्ड हथियारबंद लोग हैं। रूस के विदेश मंत्रालय ने उम्मीद जताई कि ईरान में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो जाएगी। उन्होंने ईरान में रहने वाले रूसी नागरिकों को सलाह दी कि वे भीड़-भाड़ वाली जगहों पर न जाएं।

Russia warning to US, Iran protest news, US Iran attack threat, Russia Iran support
Image Source : APईरान में पिछले कुछ दिनों से लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं।

ट्रंप ने ईरान से बातचीत का रास्ता बंद किया

दूसरी तरफ, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में विरोध प्रदर्शनों पर कार्रवाई के बीच ईरानी अधिकारियों से बातचीत का रास्ता बंद कर दिया है। ट्रंप ने ईरानी नागरिकों से कहा कि 'मदद जल्दी आ रही है।' ट्रंप ने मंगलवार को कोई जानकारी नहीं दी कि यह मदद क्या होगी, हालांकि इसे ईरान पर हमले की धमकी माना जा रहा है। बता दें कि इसके कुछ ही घंटे पहले ट्रंप ने कहा था कि ईरान वॉशिंगटन से बातचीत करना चाहता है। बता दें कि ईरान में विरोध प्रदर्शनों में मरने वालों की संख्या मानवाधिकार निगरानीकर्ताओं के अनुसार 2,000 से ज्यादा हो गई है।

ईरान के लोगों के नाम ट्रंप ने जारी किया संदेश

ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा, 'ईरानी देशभक्तों, विरोध प्रदर्शन जारी रखो, अपनी संस्थाओं पर कब्जा करो!! हत्यारों और अत्याचार करने वालों के नाम याद रखो। वे बड़ी कीमत चुकाएंगे। मैंने ईरानी अधिकारियों के साथ होने वाली सभी बैठकें तब तक के लिए रद्द कर दी हैं जब तक कि प्रदर्शनकारियों की बेवजह हत्याएं बंद नहीं होतीं। मदद जल्दी आ रही है।' ट्रंप ने मिशिगन में एक ऑटो फैक्ट्री में दिए भाषण में इस पोस्ट को दोहराया। रिपोर्टरों से बातचीत में जब उनसे पूछा गया कि मदद क्या होगी, तो उन्होंने कहा, 'आपको खुद पता लगाना होगा।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश