1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. किंग चार्ल्स के भाई एंड्रयू को किया गया गिरफ्तार, एपस्टीन फाइल्स में आया था नाम

किंग चार्ल्स के भाई एंड्रयू को किया गया गिरफ्तार, एपस्टीन फाइल्स में आया था नाम

 Published : Feb 19, 2026 03:58 pm IST,  Updated : Feb 19, 2026 11:46 pm IST

ब्रिटेन के किंग चार्ल्स के छोटे भाई एंड्रयू को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। बता दें कि एपस्टीन फाइल्स में एंड्रयू का भी नाम सामने आया था जिसपर कई दिनों से विवाद हो रहा था।

kimg charles brotehr andrew arrested- India TV Hindi
किंग चार्ल्स के भाई एंड्रयू गिरफ्तार। (फाइल फोटो) Image Source : AP

दुनियाभर के कई देशों में एपस्टीन फाइल्स के सामने आने के बाद हंगामा मचा हुआ है। इन फाइलों में ब्रिटेन के किंग चार्ल्स के छोटे भाई एंड्रयू के नाम भी सामने आया था जिसपर काफी विवाद हुआ। अब एंड्रयू को यूके की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सामने आई जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को किंग चार्ल्स के छोटे भाई एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर को जेफरी एपस्टीन के साथ संबंधों के कारण सार्वजनिक कार्यालय में कदाचार के संदेह में गिरफ्तार किया गया है।

जन्मदिन के दिन गिरफ्तार हुए एंड्रयू

द टेलीग्राफ की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, पुलिस एपस्टीन फाइलों में सामने आए एंड्रयू के खिलाफ दावों का आकलन कर रही है। इनमें ये आरोप भी शामिल है कि जब एंड्रयू ब्रिटेन के व्यापार दूत थे, तब उन्होंने संवेदनशील जानकारी साझा की थी। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को सुबह 8 बजे ही छह अज्ञात पुलिस कारों और लगभग आठ सादे कपड़े वाले अधिकारियों ने सैंड्रिंघम एस्टेट स्थित एंड्रयू के घर पर छापा मारा और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। खास बात ये भी है कि गुरुवार 19 फरवरी को एंड्रयू का जन्मदिन भी है।

पुलिस ने क्या बताया?

इस पूरी घटना को लेकर टेम्स वैली पुलिस ने अपने बयान में बताया- "हमने गुरुवार को सार्वजनिक कार्यालय में कदाचार के संदेह में नॉरफॉक से साठ साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही बर्कशायर और नॉरफ़ॉक के पते पर तलाशी भी ली जा रही है। वह व्यक्ति इस समय पुलिस हिरासत में है।" हालांकि, दूसरी ओर एंड्रयू माउंटबेटन ने लगातार किसी भी गलत काम में शामिल होने से इनकार किया है।

पीएम स्टार्मर ने क्या कहा?

BBC के मुताबिक, एंड्रयू की गिरफ्तारी से पहले ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर से सवाल किया गया था कि क्या एंड्रयू माउंटबेटन को स्वेच्छा से पुलिस से बात करनी चाहिए? इस पर स्टार्मर ने कहा था कि "मुझे लगता है कि ये पुलिस का मामला है। वे अपनी जांच करेंगे, लेकिन हमारे सिस्टम का एक मूल सिद्धांत यह है कि कानून के तहत हर कोई समान है और कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।"

किंग चार्ल्स ने क्या कहा?

इस पूरे घटनाक्रम पर यूके के किंग चार्ल्स तृतीय ने कहा- "मुझे एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर के बारे में समाचार और सार्वजनिक कार्यालय में कदाचार के संदेह के बारे में पता लगा है। अब जो होगा वह पूर्ण, निष्पक्ष और उचित प्रक्रिया है जिसके द्वारा इस मुद्दे की उचित तरीके से और उपयुक्त अधिकारियों द्वारा जांच की जाएगी। मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं: कानून को अपना काम करना चाहिए।"

 

ये भी पढ़ें- Jeffrey Epstein: एपस्टीन को फांसी नहीं दी गई थी, गला घोंटकर मारा गया था, शव परीक्षण करने वाले डॉक्टर का बड़ा खुलासा

ब्रिटेन में एपस्टीन फाइल्स के खुलासों से मचा सियासी घमासान, पीएम स्टार्मर बोले- 'नहीं दूंगा इस्तीफा'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश