1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार में वोटर लिस्ट का पुनरीक्षण का काम कितना पूरा हुआ, कितने लोग हैं बाकी? सामने आ गई पूरी जानकारी

बिहार में वोटर लिस्ट का पुनरीक्षण का काम कितना पूरा हुआ, कितने लोग हैं बाकी? सामने आ गई पूरी जानकारी

 Reported By: Nitish Chandra, Edited By: Subhash Kumar
 Published : Jul 16, 2025 11:13 am IST,  Updated : Jul 16, 2025 02:17 pm IST

बिहार एसआईआर (SIR) में अब तक 86.32% गणना प्रपत्र एकत्रित कर लिए गए हैं। इस काम के लिए अभी 10 दिन शेष हैं। शेष बचे मतदाताओं से बीएलओ व्यक्तिगत रूप से संपर्क करेंगे।

BIHAR SIR VOTER LIST- India TV Hindi
बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण। (सांकेतिक फोटो) Image Source : PTI

बिहार में चुनाव आयोग की ओर से वोटर लिस्ट का पुनरीक्षण का काम लगातार जारी है। मतदाता सूची के प्रारूप में सभी पात्र मतदाताओं का नाम शामिल हो, यह सुनिश्चित करने हेतु कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जा रही है। बिहार में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत शेष मतदाताओं से भरे हुए गणना प्रपत्र (EF) एकत्र करने के लिए लगभग एक लाख बीएलओ द्वारा घर-घर भ्रमण का तीसरा चरण शीघ्र ही शुरू होने जा रहा है। बीएलओ उन घरों में पुनः जाएंगे जहां पहले के दौरों में मतदाता अस्थायी रूप से अनुपस्थित थे।

कितना काम पूरा हुआ?

बिहार एसआईआर के अंतर्गत भरे हुए गणना प्रपत्र (EFs) जमा करने की अंतिम तिथि को अब 10 दिन शेष हैं। बिहार के कुल 7,89,69,844 मतदाताओं में से 6,81,67,861 यानी 86.32% के EF एकत्र किए जा चुके हैं। मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित तथा एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत लोगों को ध्यान में रखते हुए, कुल मतदाता आधार का 90.84% भाग EF संग्रहण के दायरे में आ चुका है। अब केवल 9.16% मतदाताओं को 25 जुलाई की समय सीमा से पहले अपने EF जमा करने हैं।

कितने कैंप लगाए गए?

सभी 261 नगरीय निकायों (ULBs) के 5,683 वार्डों में विशेष कैंप लगाए गए हैं और समाचार पत्रों में विज्ञापन प्रकाशित कर शेष बचे मतदाताओं को समय पर EF भरने और 1 अगस्त 2025 को प्रकाशित होने वाली मसौदा मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने हेतु जागरूक किया जा रहा है। बीएलओ ऐसे मतदाताओं को अपने मोबाइल फोन के माध्यम से ECINet ऐप या वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर ऑनलाइन फॉर्म भरने के लिए भी प्रोत्साहित कर रहे हैं (SIR दिशा-निर्देशों के पैरा 3(घ) के अनुसार)।

ECINet के माध्यम से मतदाता ऑनलाइन गणना प्रपत्र भर सकते हैं तथा जहाँ लागू हो वहाँ 2003 की मतदाता सूची में अपना नाम खोज सकते हैं। मतदाता इस ऐप के माध्यम से अपने बीएलओ समेत निर्वाचन अधिकारियों से भी जुड़ सकते हैं। आज शाम 6 बजे तक ECINet पर 6.20 करोड़ से अधिक गणना प्रपत्र अपलोड किए जा चुके हैं। वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर रात से एक नया मॉड्यूल भी लाइव है, जिससे मतदाता अपने EF के जमा होने की स्थिति की जांच कर सकेंगे।

कितने लोग सहयोग दे रहे?

बीएलओ के इस प्रयास में सभी राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त 1.5 लाख बीएलए सहयोग कर रहे हैं, जिनमें से प्रत्येक प्रतिदिन अधिकतम 50 EF सत्यापित कर जमा कर सकते हैं। यह सुनिश्चित करने के लिए कि कोई भी पात्र नगरीय मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे, सभी 261 नगरीय निकायों के 5,683 वार्डों में विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें- 'एक बूथ से 10 वोट भी हटाए जाते हैं तो...', तेजस्वी ने आंकड़ों के जरिए BJP पर साधा निशाना

बिहार: वोटर लिस्ट रिवीजन में ढिलाई का मामला, सस्पेंड BLO ने कार्रवाई को बताया गलत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।