मोकामा में जनसुराज समर्थक और कभी बाहुबली रहे दुलारचंद यादव की मौत के बाद अब उनके घर में मातम पसरा हुआ है। देर रात मृतक दुलारचंद यादव के पोते के बयान पर पुलिस ने अनंत सिंह, उनके दो भतीजों रणवीर और कर्मवीर समेत 5 लोगों पर हत्या की नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि अनंत सिंह के लोगों ने पहले गोली मारी और फिर गाड़ी चढ़ाकर दुलारचंद की हत्या कर दी। हालांकि, अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मिल रही जानकारी के मुताबिक दुलारचंद पिछले कुछ दिनों से अनंत सिंह के खिलाफ लगातार बोल रहे थे।
हमलोग एके-47 नहीं रखते
दुलारचंद यादव के पोते ने आरोप लगाया है कि अनंत सिंह ने मेरे दादा की हत्या कराई है, अब मेरी भी हत्या हो सकती है। उन्होंने प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए कहा कि हम पढ़े-लिखे लोग हैं, हम लोग एके-47 नहीं रखते हैं।
75 वर्षीय दुलारचंद यादव की मौत
मोकामा विधान सभा क्षेत्र में 3.40 बजे घोसवरी थानाध्यक्ष को सूचना प्राप्त हुई कि तारतर गांव के पास दो पक्षों में मारपीट की घटना हो रही है। इस घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष घोसवरी एवं चुनाव के अवसर पर एरिया डोमिनेशन में लगे बल के साथ तुरंत तारतर गांव पहुंचे। तारतर गांव के पास पहुंचने पर वहां 2-3 गाड़ियां खड़ी पाई गईं। वाहनों के शीशे टुटे हुए थे और एक वाहन में एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। उक्त शव के संदर्भ में पता चला कि ये शव 75 वर्षीय दुलारचन्द यादव का है।
चुनाव से पहले हत्या का मामला
मृतक दुलारचंद उस क्षेत्र के पूर्व के अपराधी रहें है, जिनपर हत्या, आर्म्स एक्ट के कई कांड दर्ज है। तारतर गांव में उपस्थित जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी प्रियदर्शी पियूष ने बताया गया कि जन सुराज पार्टी का काफिला चुनाव प्रचार में जा रहा था, उसी कम में तारतर गांव एंव बसावनचक के बीच में जदयू पार्टी का काफिला आ रहा था। काफिला आमने-सामने हो गया तो किसी बात को लेकर काफिला के लोगों द्वारा ईंट-पत्थरबाजी किया जाने लगा और मारपीट किया गया।
इसी क्रम में चार बजे के करीब बजे भदौरा थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि बसावनचक गांव के पास जदयू प्रत्याशी अनन्त सिंह के काफिले पर भी हमला हुआ है। इस संबंध में जदयू प्रत्याशी ने बताया कि काफिला रास्ते में मिला। उनके ऊपर जन सुराज पाटी के काफिले ने ईंट-पत्थर से हमला किया। जिससे इनके कुछ कार्यकर्ताओं को चोट आयी है।
ये भी पढ़ें:
बिहार का मोकामा: भूमिहारों के गढ़ का 'रक्तरंजित इतिहास', अपराध और खूनी जंग की कहानी है पुरानी, जानकर होंगे हैरान