पटना: बिहार में मकर संक्रांति के अवसर पर डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के दही-चूड़ा भोज में जनशक्ति जनता दल के नेता और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव भी शामिल हुए। विजय सिन्हा के दही-चूड़ा भोज में तेज प्रताप के शामिल होने से अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। राजनीति के अंदरखाने इसे एक नए समीकरण का संकेत माना जा रहा है। वहीं इस बात की भी चर्चा तेज है कि कहीं तेज प्रताप एनडीए में तो शामिल नहीं हो रहे।
दरअसल, बिहार में मकर संक्रांति के मौके पर दही-चूड़ा भोज की सियासत नई बात नहीं है। राष्ट्रीय जनता दल की ओर से भी दही चूड़ा भोज का बड़े पैमाने पर आयोजन किया जाता रहा है। लेकिन इस बार डिप्टी सीएम विजय सिन्हा का दही-चूड़ा भोज इसलिए खास रहा कि इसमें लालू प्रसाद के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के नेता तेज प्रताप को भी न्यौता दिया गया और वे इसमें शामिल भी हुए।
भोज के बाद पत्रकारों से बातचीत में तेज प्रताप ने कहा कि भले ही राजनीतिक विचार अलग हो लेकिन नेता लोग तो आपस में मिलते जुलते रहते हैं। वहीं जब तेज प्रताप से यह सवाल पूछा गया कि क्या आप एनडीए में आएंगे? इस पर तेजप्रताप ने कहा कि ऐसा कुछ होगा तो आपको सूचित कर दिया जाएगा। तेज प्रताप के इस जवाब ने एक बार फिर सियासी अटकलों को हवा दे दी है।
बता दें कि डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के आवास पर आयोजित मकर संक्रांति भोज में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी समेत एनडीए के कई मंत्री पहुंचे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
वहीं डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा से जब पूछा गया कि तेजप्रताप के आपके भोज में आने का सियासी मतलब क्या है? इस पर उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति के भाव में जो भी हम लोगों को स्वीकारते हैं या हमको बुलाते हैं हम उनके साथ जाते हैं। यह सकारात्मक ऊर्जा का सूचक है। भगवान भास्कर का दक्षिणायन से उत्तरायण की ओर सकारात्मक ऊर्जा का और शुभ कार्यों की शुरुआत है। बिहार में सुशासन से समृद्धि की ओर मुख्यमंत्री नीतीश जी के कर कमल से शुरू हुआ। मोदी जी के मार्गदर्शन में विकसित बिहार के संकल्प को पूरा किया जा रहा है।
तेजप्रताप के आने को कैसे देखा जाय इस पर विजय सिन्हा ने कहा कि सनातन संस्कृति और संस्कार का जो सम्मान करते हैं, एक दूसरे का आना-जाना लगा रहेगा, सनातन संस्कृति का जो पोषक है मैं उनका सम्मान करता हूं। आप लोग कयास लगाते रहिए.राजनीति अपनी गति से चलती है और बिहार के लोग नए उत्साह नई ऊर्जा के साथ सुशासन से समृद्धि की ओर कदम बढ़ा चुके हैं।
तेजप्रताप यादव के डिप्टी CM के भोज में आने पर बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री जिवेश मिश्रा ने कहा कि हम स्वागत करते हैं। यह बहुत अच्छा है। पक्ष-विपक्ष अपनी जगह है, त्यौहार का एक ही पक्ष सनातनियों का त्यौहार है और मकर संक्रांति के दिन पक्ष-विपक्ष सब एक साथ मिलकर त्यौहार मना रहे हैं। तेज प्रताप जी का आना हुआ है तो अच्छी बात है।
संपादक की पसंद