मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता रितिक रोशन इन दिनों अपनी आगामी फिल्म मोहनजो दाड़ो को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। उनकी इस फिल्म के सेट से कई तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई हैं। रितिक को अपनी इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं। हाल ही में रितिक रोशन ने अपनी सफलता का राज खोला है। उन्होंने अपने स्टारडम का श्रेय अपनी जिज्ञासु प्रवृत्ति को दिया है। उनका कहना है कि वे अपने आपको तलाशते रहते हैं।
इसे भी पढ़े:- 'मोहनजोदड़ो' में फिर चलेगा रहमान के गीतों का जादू
तुर्की एयरपोर्ट हमले में बाल-बाल बचे रितिक रोशन
उन्होंने ट्विटर पर पोस्ट किया, “क्यूरियोसिटी किल्ड द कैट...झूठ। मुझे लगता है कि मेरी सफलता का राज क्यूरियोसिटी (जिज्ञासा) ही रही है। जिज्ञासु रहिए, तलाश जारी रखिए।“
रितिक ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘कहो ना प्यार है’ से की थी। इस फिल्म में अमीषा पटेल उनके साथ मुख्य भूमिका निभाती हुई नजर आई थीं। अमीषा ने भी इसी फिल्म से अपनी अभिनय करियर की शुरुआत की थी। फिल्म का निर्देशन रितिक के पिता राकेश रोशन ने किया था और इसमें रितिक डबल रोल में नजर आए थे। इस फिल्म को बॉक्सऑफिस पर काफी सफलता हासिल हुई थी और रितिक पूरे फिल्म जगत के लिए एक सनसनी बन गए थे।
‘बैंग बैंग’ के स्टार अभिनेता रितिक रोशन फिल्म मोहनजो दाड़ो के अलावा फिलहाल ‘काबिल’ की शूटिंग भी कर रहे हैं। इस फिल्म में वह एक नेत्रहीन व्यक्ति की भूमिका में हैं। मोहनजो दाड़ो में रितिक के साथ मॉडल-अभिनेत्री पूजा हेगड़े भी मुख्य किरदार में नजर आ रही हैं। कुछ वक्त पहले ही फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया था।