मुंबई: मुसलमानों की कुर्बानी परंपरा पर हाल ही में बयान देकर विवादों में घिरे अभिनेता इरफान खान का कहना है कि ईद एक खुशनुमा पल है। इरफान ने रमजान के दौरान रोजा रखने की प्रथा के मूल भाव को भी बताया। अपनी आगामी फिल्म 'मदारी' के प्रचार के लिए रियलिटी शो 'सा रे गा मा पा' के सेट पर पहुंचे इरफान ने कहा, "सभी त्योहारों के कुछ अर्थ और उद्देश्य होते हैं। हमें इसका पता लगाने की कोशिश करनी चाहिए। ईद सभी त्योहारों की तरह एक खुशनुमा पल है, जहां लोग अपने पूरे साल की कमाई का कुछ हिस्सा जरूरतमंदों को देते हैं।"
इरफान ने हाल ही में कुर्बानी के नाम पर जानवरों को काटने की प्रथा की निंदा की थी। उनका यह बयान ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के गले नहीं उतरा था और उनकी खूब आलोचना की गई।