मुंबई: कलर्स चैनल के रियलिटी शो 'बिग बॉस सीजन 5' की प्रतिभागी रह चुकीं मॉडल पूजा मिश्रा ने हाल ही में बॉलीवुड अभिनेत्री सनी लियोन पर उनका अपमान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने सनी के खिलाफ मुंबई उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर कर 100 करोड़ रुपए के हर्जाने की मांग की है।
इसे भी पढ़े:- पूजा मिश्रा लड़को की धुनाई कर फिर आई विवादों में, देखें वीडियो
जब यह मामला अदालत के समक्ष लाया गया तो एक खंड पीठ में शामिल न्यायमूर्ति नरेश पाटिल ने कहा, स्थगित....अवकाश के बाद तक के लिए। याचिकाकर्ता मौजूद नहीं थीं। पूजा ने अपनी याचिका में दलील दी है कि वह टीवी शो ‘बिग बॉस सीजन 5’ की एक लोकप्रिय प्रतिभागी थीं और सनी उस शो में काफी बाद में शामिल हुईं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सनी ने मीडिया के एक हिस्से को मानहानिकारक साक्षात्कार दिए और ऐसा उनके प्रति दुर्भावना तथा ईर्ष्या से किया गया था। पूजा ने आरोप लगाया कि नगर के एक समाचार पत्र में एक आलेख में सनी ने उनके खिलाफ आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा कि लोगों की नजर में उनकी प्रतिष्ठा को ठेस लगी है और इस वजह से उन्हें अपना फिक्स डिपोजिट तोड़ना पड़ा और अपना बचत का रुपया निकालना पड़ा जिससे उन्हें 70 लाख रुपए तक का नुकसान हुआ।

याचिकाकर्ता ने सनी लियोन के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 500 (मानहानि) के तहत प्रक्रिया का अदालत से अनुरोध किया। इस मामले पर उच्च न्यायालय में ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद जून में सुनवाई शुरू होने की उम्मीद है।
सनी जल्द ही शाहरुख खान की आगामी फिल्म ‘रईस’ में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म में वह एक गाने में शाहरुख के साथ डांस करती हुई नजर आएंगी।