मुंबई: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर अपनी बातों को सामने रखने से कभी पीछे नहीं हटते, उन्हें अक्सर किसी भी मामले में बेबाकी से बोलते हुए देखा जाता है। गुरुवार को दिग्गज कलाकार विनोद खन्ना के अंतिम संस्कार में पहुंचे ऋषि कपूर ने आज के दौर के सितारों को लेकर काफी नाराजगी जताई है। गौरतलब है कि विनोद खन्ना ने गुरुवार को 70 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह गए। वर्ली के हिंदू शमशान घाट पर विनोद खन्ना का अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन, कबीर बेदी, ऋषि कपूर, डैनी डेंजोंग्पा सहित बॉलीवुड के कई सितारे शामिल हुए।
उन्होंने ट्विटर पर लिखा, "शर्मनाक। इस पीढ़ी के किसी भी कलाकार ने विनोद खन्ना की अंत्येष्टि में शिरकत नहीं की, वे भी जिन्होंने उनके साथ काम किया। सम्मान करना सीखें।" उन्होंने आगे लिखा, "ऐसा क्यों? मुझे अपने मरने से पहले ही तैयारी करनी होगी। कोई मुझे कंधा नहीं देगा। आज के तथाकथित कलाकारों पर काफी गुस्सा आ रहा है।"
ऋषि कपूर ने यह भी बताया कि उनकी पत्नी नीतू सिंह और बेटा रणबीर कपूर देश में नहीं होने के कारण विनोद खन्ना के अंतिम संस्कार में हिस्सा नहीं ले पाए। ऋषि के ट्वीट्स के बाद फिल्मकार कुणाल कोहली ने भी उनका समर्थन किया। उन्होंने ट्वीट कर कहा, "मैं आपके गुस्से को समझ सकता हूं। मैं आज सुबह देश से बाहर निकला। आज के कलाकारों पर शर्म आती है, जो सम्मान नहीं देते।"
कोहली ने कहा कि युवा कलाकारों को उनसे पहले के सिनेमा के बारे में कोई ज्ञान नहीं है। बता दें कि ऋषि कपूर 'ईना मीना डीका' और 'अमर अकबर एंथोनी' जैसी फिल्मों में विनोद खन्ना के साथ काम कर चुके हैं।