काठमांडू: ईंधन समस्या से जूझ रहे नेपाल को चीन से पहली बार 73.5 टन पेट्रोल की पहली खेप प्राप्त हुई है। इससे पहले, दोनों देशों ने पेट्रोलियम उत्पादों की कमी दूर करने के लिये समझौते पर दस्तखत किये। नेपाल के नये संविधान को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर एक महीने से मधेशियों की अगुवाई में नाकेबंदी से हिमालयी देश में पेट्रोलियम उत्पादों की आपूति की समस्या हो गई है।
चीन से पेट्रोल लेकर आये 12 ट्रक रासुवागाधी व्यापार केंद्र के रास्ते नेपाल में प्रवेश कर गये। नेपाल ऑयल कारपोरेशन (NOC) के प्रवक्ता दीपक बराल ने कहा, हमने दो दिनों में चीन से 73.5 टन पेट्रोल प्राप्त किया। NOC तथा पेट्रो चाइना के बीच पिछले सप्ताह समझौते के तहत इन टैंकरों में 1,44,000 लीटर पेट्रोल और डीजल नेपाल लाया गया। प्रवक्ता के अनुसार समझौते के तहत चीन पेट्रोल, डीजल, एलपीजी गैस तथा एयर गैसोलीन की आपूर्ति करेगा।