मुंबई: फिल्म 'शानदार' से अपने फिल्मी सफर की शुरूआत करने जा रही अभिनेत्री सना कपूर इस फिल्म में अपने भाई शाहिद कपूर और पिता पंकज कपूर के साथ काम कर रही हैं। सना का कहना है कि साथ काम करने को लेकर वह भाई के मुकाबले अपने पिता से ज्यादा डरी हुई थीं। सना ने पीटीआई-भाषा से कहा, "शाहिद से ज्यादा, मैं अपने पिता के साथ काम करने को लेकर डरी हुई थीं। वह देश के कुछ बेहतरीन अभिनेताओं में से एक हैं तो जब मुझे पता चला कि मुझे उनके साथ काम करना है, मैं स्वाभाविक तौर पर डरी हुई थी। मेरे उपर दबाव था।"
ये भी पढ़ें- ऐश्वर्या के सामने नर्वस हुए शाहिद
उन्होंने आगे कहा, "लेकिन मैं जानती थी कि मेरे पिता और भाई मेरे आसपास ही हैं। मेरे पास एक सुरक्षा कवच था। जब भी आपके आसपास आपका परिवार होता है तो आप सहज महसूस करते हैं।"
इस फिल्म में सना ने आलिया भट्ट की बहन की भूमिका निभाई है। इस फिल्म के 'गुलाबो' गाने में उन्होंने अपने भाई शाहिद और आलिया के साथ ठुमके भी लगाए हैं। सना पंकज और सुप्रिया पाठक की बेटी हैं।
'क्वीन' फेम निर्देशक विकास बहल की यह फिल्म 22 अक्तूबर को रिलीज हो रही है। इस फिल्म के निर्माता करन जौहर हैं।