1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात: हेलीकॉप्टर दुर्घटना के एक महीने बाद मिला लापता पायलट का शव, सामने आई चौंकाने वाली जानकारी

गुजरात: हेलीकॉप्टर दुर्घटना के एक महीने बाद मिला लापता पायलट का शव, सामने आई चौंकाने वाली जानकारी

 Published : Oct 11, 2024 02:26 pm IST,  Updated : Oct 11, 2024 02:28 pm IST

इंडियन नेवी की टीम लापता पायलट की खोज के लिए सर्च ऑपरेशन चला रही थी। हेलीकॉप्टर के दुर्घटना होने के एक महीने बाद लापता पायलट का शव बरामद हुआ है।

लापता पायलट का मिला शव- India TV Hindi
लापता पायलट का मिला शव Image Source : FILE PHOTO

पिछले महीने भारतीय तटरक्षक (Coast Guard) बल का एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। एक महीने से अधिक समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर के लापता पायलट का शव अरब सागर में गुजरात तट के पास पाया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी है। गुजरात में पोरबंदर के पास अरब सागर में दो सितंबर को एएलएच एमके-III हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो जाने के बाद से चालक दल के तीन सदस्य लापता हो गए थे। 

पोरबंदर से 55 किलोमीटर दूस समुद्र में पाया गया शव

हालांकि, बाद में चालक दल के दो सदस्यों के शव तो मिल गए थे, लेकिन इस मिशन के पायलट राकेश कुमार राणा की तलाश जारी थी। तटरक्षक बल ने बताया कि राणा का शव 10 अक्टूबर को पोरबंदर से लगभग 55 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में समुद्र में पाया गया है।

इंडियन नेवी ने चलाया ऑपरेशन

इसके साथ ही बताया गया, 'तटरक्षक बल ने भारतीय नौसेना और अन्य हितधारकों के साथ मिशन के पायलट-इन-कमांड राकेश कुमार राणा का पता लगाने के लिए अथक प्रयास जारी रखे।’ सेवा परम्पराओं और सम्मान के अनुसार ही उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया जाएगा। भारतीय तटरक्षक बल के तीन बहादुर जवानों को सलाम। जिन्होंने अपना कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों की आहुति दे दी।

चालक दल के 4 सदस्य सवार थे

इसमें बताया गया है कि भारतीय तटरक्षक का एक एडवांस हल्का हेलीकॉप्टर दो सितंबर की रात को मोटर टैंकर ‘हरि लीला’ पर सवार चालक दल के एक घायल सदस्य को निकालने के प्रयास में अरब सागर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें चालक दल के चार सदस्य सवार थे। 

गोताखोर गौतम कुमार को तुंरत बचा लिया गया था

हेलीकॉप्टर पर सवार चालक दल चार सदस्यों में से एक गोताखोर गौतम कुमार को तुरंत बचा लिया गया था, जबकि तीन लापता हो गए थे। एक दिन बाद पायलट विपिन बाबू और गोताखोर करण सिंह का शव खोज लिया गया, लेकिन राणा को नहीं ढूंढा जा सका था। इसके बाद बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया। गुरुवार को लापता पायलट का शव मिल गया।

भाषा के इनपुट के साथ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।