1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. हरियाणा विधानसभा में आज बहुमत साबित करेंगे नायब सिंह सैनी, कहा- हमारे पास 48 विधायकों का समर्थन

हरियाणा विधानसभा में आज बहुमत साबित करेंगे नायब सिंह सैनी, कहा- हमारे पास 48 विधायकों का समर्थन

 Reported By: Devendra Parashar,  Puneet Pareenja Edited By: Mangal Yadav
 Published : Mar 12, 2024 11:52 pm IST,  Updated : Mar 13, 2024 12:11 am IST

हरियाणा के नए मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री नायब सैनी आज विधानसभा में अपना बहुमत साबित करेंगे। विधानसभा का सत्र सुबह 11 बजे से बुलाया गया है।

कैबिनेट की मीटिंग करते नायब सिंह सैनी- India TV Hindi
कैबिनेट की मीटिंग करते नायब सिंह सैनी Image Source : X@BJP4HARYANA

चंडीगढ़ः हरियाणा में नेतृत्व परिवर्तन के बाद आज यानी बुधवार को विधानसभा का सत्र बुलाया गया है। विधानसभा का सत्र सुबह 11 बजे से शुरू होगा। शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हमारे पास 48 विधायकों का समर्थन है। सदन में बुधवार को फ्लोर टेस्ट होगा। सीएम ने दावा किया कि उनके पास बहुमत है। 

मिली जानकारी के अनुसार, हरियाणा के नवनियुक्त मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शपथ ग्रहण के बाद कैबिनेट की पहली बैठक की। बैठक में कैबिनेट पांचों मंत्री और आला अधिकारी मौजूद रहे। 

अनिल विज शपथ ग्रहण में शामिल नहीं हुए

बीजेपी नेता अनिल विज मंगलवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हुए। हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के अनुसार, विज को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जाना था। इससे पहले दिन में, हरियाणा के पूर्व गृह मंत्री विज भाजपा विधायक दल की उस बैठक से नाराज होकर चले गए थे, जिसमें सैनी को नेता चुना गया था। पूर्व मुख्यमंत्री खट्टर से जब यहां पत्रकारों ने सवाल किया कि क्या विज का नाम उपमुख्यमंत्री पद की दौड़ में था, तो उन्होंने कहा, “मंत्रियों को आज शपथ लेनी थी और उनका (विज का) नाम उस (सूची) में था। लेकिन वह नहीं आ सके।

 यह पूछे जाने पर कि क्या विज नाराज हैं, उन्होंने कहा, "अनिल विज हमारे वरिष्ठ सहयोगी हैं। वह कभी-कभी नाराज हो जाते हैं, लेकिन बाद में सामान्य हो जाते हैं। खट्टर ने कहा कि पहले भी ऐसी कई घटनाएं हुई हैं जब विज किसी बात पर नाराज हो गए लेकिन बाद में चीजें सामान्य हो गईं। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने उनसे बात की। उन्होंने कहा कि उनका (शपथ ग्रहण समारोह में) आने का मन नहीं है। हम उनसे बात करेंगे। नायब सैनी जी भी उनसे बात करेंगे।

लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं खट्टर

मनोहर लाल खट्टर ने मंत्रिमंडल के अपने सहयोगियों के साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के कुछ घंटे बाद, मंगलवार को संकेत दिया कि पार्टी उन्हें आगामी लोकसभा चुनाव में उतार सकती है। खट्टर ने यह भी कहा कि उन्हें पता चला है कि जननायक जनता पार्टी (जजपा) ने आगामी लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने का फैसला किया है। खट्टर ने मीडिया से कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उनसे कहा है कि कुछ और जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने कहा, "इस पर जल्द ही फैसला हो सकता है।" उन्होंने कहा, "हो सकता है कि यह लोकसभा चुनाव के बारे में हो। मुझे लगता है कि यह संभव है। संसदीय बोर्ड जो भी फैसला करेगा, मैं उसका पालन करूंगा। ऐसी अटकलें हैं कि खट्टर को करनाल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए कहा जा सकता है। 

मनोहर ने मंत्रिपरिषद के सभी सदस्यों के साथ दिया था इस्तीफा

इससे पहले दिन में, जब पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षकों का एक दल चंडीगढ़ पहुंचा तो खट्टर और भाजपा नीत मंत्रिपरिषद के सभी 13 अन्य सदस्यों ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। हरियाणा में यह बदलाव सत्तारूढ़ भाजपा-जजपा गठबंधन के टूटने के बीच आया है। भाजपा ने खट्टर की जगह अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) नेता नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बनाया है। सैनी ने बाद में हरियाणा के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। खट्टर ने कहा कि यह खुशी की बात है कि कुरूक्षेत्र से सांसद सैनी को मुख्यमंत्री बनाया गया है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।