हाइपरटेंशन, जिसे हाई बीपी या हाई ब्लड प्रेशर भी कहा जाता है, यह एक ऐसी स्थिति होती है जब नसों पर लगातार दबाव बढ़ जाता है। नसों में बह रहा खून ही हृदय से सभी भागों में ले जाता है और हर बार जब दिल धड़कता है तो वह नसों को पंप करता है। इन नसों की दीवारों में जब वसा जम जाती है तो खून का दबाव बढ़ जाता है। WHO की रिपोर्ट के मुताबिक दुनियाभर में समय से पहले मौत का एक कारण हाई बीपी भी है। भारत के हर 4 में से 1 पुरुष और हर 5 में से 1 महिला हाई बीपी की मरीज हैं। ऐसे में चलिए जानते हैं हाई ब्लड प्रेशर की वजह से कौन सी बीमारियां हो सकती हैं और अचानक बीपी बढ़ जाए तो क्या करना चाहिए?
हाई ब्लड प्रेशर से हो सकती हैं ये समस्याएं
-
दिल से जुड़ी बीमारियां: हाई बीपी धमनियों को नुकसान पहुँचाकर, उन्हें मोटा और सख्त बनाकर उनमें वसायुक्त जमाव का कारण बनकर हृदय रोग का खतरा बढ़ाता है। इससे दिल का दौरा या हार्ट फेल्योर का जोखिम बढ़ जाता है।
-
स्ट्रोक: हाई बीपी दिमाग की धमनियों को कमज़ोर कर सकता है जिससे वे फट सकती हैं या उन पर प्लाक जमने से रक्त के थक्के बन सकते हैं जो मस्तिष्क तक रक्त प्रवाह को रोकते हैं।
-
किडनी की बीमारी: जब किडनी की ब्लड वेसेल्स को नुकसान पहुँचता है, तो वे रक्त को प्रभावी ढंग से फ़िल्टर नहीं कर पाते हैं। इससे शरीर में अपशिष्ट पदार्थ तरल पदार्थ जमा हो जाते हैं, जो किडनी की विफलता का कारण बन सकता है।
-
आंखों की परेशानी: हाई बीपी से आँख की रक्त वाहिकाओं पर पड़ने वाले दबाव से रेटिना को नुकसान पहुँचता है, जिसे रेटिनोपैथी कहते हैं, और यह धुंधली दृष्टि का कारण बन सकता है। यह ऑप्टिक तंत्रिका को भी नुकसान पहुँचा सकता है, जिससे अंधापन भी हो सकता है।
अचानक बढ़ जाए बीपी तो क्या करें?
-
चेहरे और सिर पर पानी: अगर अचानक बीपी बढ़ जाए तो तुरंत ठंडे पानी से चेहरा धोएं या अपने सिर पर ठंडे पानी की कुछ बूंदें डालें या छींटे मारें। इससे तंत्रिका तंत्र उत्तेजित होता है और ब्लड प्रेशर को संतुलित करने में मदद मिल सकती है।
-
हल्का फुल्का कुछ खाएं: बीपी बढ़ाने पर केला, नारियल पानी, या डार्क चॉकलेट खाएं, क्योंकि ये चीजें ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में मदद करती हैं।
-
हॉस्पिटल लेकर जाएं: अगर ब्लड प्रेशर लगातार बढ़ रहा है और आपको कमजोरी महसूस हो रही है, तो यह एक मेडिकल इमरजेंसी है। ऐसी स्थिति में आपको तुरंत अस्पताल जाना चाहिए
Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)