राखी सिर्फ एक धागा नहीं, वादा है, भाई-बहन की सलामती का इसलिए इस रक्षाबंधन पर सिर्फ मिठाई ही नहीं, एक-दूसरे की सेहत का ख्याल भी रखिए। भाई का दिल तभी सुकून में होगा, जब बहन तंदुरुस्त होगी और बहन की दुआएं तभी असर करेंगी, जब भाई फिट और हेल्दी रहेगा। एक हालिया स्टडी में दावा किया गया है कि ख्याल न रखने पर शरीर के तमाम अंग 30 साल की उम्र से ही बूढ़े होने लगते हैं, हार्ट-लिवर-ब्रेन-किडनी अंदर ही अंदर कमजोर होने लगते हैं।
40 की उम्र से वाइटल ऑर्गन्स की वर्क कपैसिटी घटने पर थकान और हॉर्मोनल गड़बड़ी होती है, 50 की उम्र आते-आते, इंस्टॉलमेंट में एक के बाद एक लाइफ स्टाइल की तमाम बीमारियां शुरू हो जाती हैं। आपको यकीन नहीं होगा कि 81% लोग ओवर थिंकिंग की गिरफ्त में हैं। 30 की उम्र क्या, 60 की उम्र में भी युवाओं की तरह फिट और जवान दिखना आपके हाथ में हैं। इसके लिए आपको 24 घंटे में से 30-40 मिनट योग करना है। आइए स्वामी रामदेव से जानते हैं कि अगर आप योग सूत्र में बंधेंगे, रोज योग करेंगे तो लंबी उम्र जिएंगे।
सेहत को मजबूत बनाएं
अगर आप हर रोज योग करते हैं, तो न केवल आपका स्ट्रेस कम होता है बल्कि आपके आत्मविश्वास में इजाफा भी होता है। जब राखी कलाई पर बांधी जाती है, तब नसों पर दबाव पड़ता है और बीपी कंट्रोल में रहता है। रक्षाबंधन का सेहत से खास रिश्ता है। रक्षाबंधन पर मिठाई खाने से डोपामाइन हॉर्मोन बढ़ता है और स्ट्रेस, टेंशन, एंग्जाइटी दूर होती है। इसके अलावा योग करने से शरीर को एनर्जी मिलती है।
सुबह जल्दी कैसे उठें?
योग के साथ-साथ आपको अपना टाइम टेबल भी सेट करना चाहिए। अपने सोने का समय फिक्स करें। रात में पानी पीकर सोएं। आलस्य दूर करने के लिए हर रोज नियम से योग करें। हमेशा खुश रहने के लिए 8 घंटे की नींद लें, कुछ देर धूप में बैठें, पार्क में टहलें, हॉबीज को पूरा करें, सिर की मसाज करें, योग और मेडिटेशन भी करें।
जरूरी है वर्कआउट?
हर रोज वर्कआउट, योग या फिर एक्सरसाइज करने से शरीर को हाई एनर्जी मिलती है, दिमाग एक्टिव रहता है, नींद में सुधार आता है, बीपी कंट्रोल होता है और तनाव घटता है। स्वस्थ शरीर के लिए खाना गर्म और फ्रेश खाएं, भूख से कम खाना खाएं, खाने में भरपूर सलाद शामिल करें, मौसमी फल जरूर खाएं और खाने में दही-छाछ शामिल करें। फिट और हेल्दी रहने के लिए ज्यादा मात्रा में चीनी, नमक, चावल, रिफाइंड, मैदा खाने से बचें।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।