1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. दिनभर थकान और कमजोरी रहती है, शरीर में हो सकती है इन विटामिन और मिनरल्स की कमी

दिनभर थकान और कमजोरी रहती है, शरीर में हो सकती है इन विटामिन और मिनरल्स की कमी

 Written By: Bharti Singh
 Published : Apr 16, 2024 06:54 am IST,  Updated : Apr 16, 2024 06:54 am IST

Vitamins For Tiredness: उम्र बढ़ने के साथ महिलाओं के शरीर में दिनभर थकान, कमजोरी और चिड़चिड़ापन बढ़ने लगता है। इसकी वजह शरीर में हो रही विटामिन और मिनरल्स की कमी हो सकती है। जानिए इसकी वजह कौन से विटामिन हो सकते हैं?

थकान और कमजोरी के कारण- India TV Hindi
थकान और कमजोरी के कारण Image Source : FREEPIK

दिनभर आपको थकान-कमजोरी और भारीपन सा महसूस होता है, तो शरीर में विटामिन और मिनरल की कमी हो सकती है। जब शरीर में पोषक तत्वों की कमी होने लगती है तो शारीरिक और मानसिक थकान बढ़ जाती है। कई ऐसे विटामिन और मिनरल हैं जो आपको एक्टिव और एनर्जेटिक बनाए रखने में मदद करते हैं। इसमें विटामिन बी-12, विटामिन डी, आयरन और कैल्शियम शामिल हैं। उम्र बढ़ने के साथ शरीर में इन विटामिन की कमी होने लगती है। खासतौर से महिलाओं के शरीर में कैल्शियम और आयरन कम पाया जाता है। इन विटामिन और मिनरल की कमी से न सिर्फ शारीरिक थकान होती है बल्कि मानसिक कमजोरी भी महसूस होने लगती है। जानिए शरीर में इन विटामिन की कमी को कैसे पूरा करें?

थकान-कमजोरी दूर करने वाले विटामिन्स (Vitamin for fatigue)

विटामिन बी12 (Vitamin B12)- विटामिन बी12 कम होने पर शरीर के पूरे फंक्शन पर असर पड़ता है। विटामिन बी12 रक्त कोशिकाओं और डीएनए के निर्माण में मदद करता है, जो हेल्दी रहने के लिए जरूरी है। विटामिन बी12 कम होने पर दिनभर थकान और कमजोरी महसूस होने लगती है। कई बार इससे नर्वस सिस्टम भी प्रभावित होता है और दिनभर नींद-आलस छाया रहता है। विटामिन बी12 के लिए आप पनीर, दूध, अंडा, मछली, साबुत अनाज और मीट खा सकते हैं।

विटामिन डी (Vitamin D)- शहरों में रहने वाले लोगों के शरीर में विटामिन डी काफी कम होता है। खासतौर से एसी ऑफिस और शिफ्ट्स में काम करने वाले लोगों में विटामिन डी कम होने लगता है। इससे शरीर और दिमाग की कार्यक्षमता पर असर पड़ता है। विटामिन डी की कमी से शरीर में दर्द, बहुत थकान और कमजोरी महसूस होती है। विटामिन डी की कमी से मूड स्विंग्स, स्ट्रेस, और डिप्रेशन भी हो सकता है। विटामिन डी की कमी से एनर्जी लो होने लगती है और दिनभर नींद आती रहती है। इसके लिए जरूरी है सुबह 10 बजे तक की धूप लें और साथ में विटामिन डी से भरपूर आहार लें।

आयरन (Iron)- शरीर में आयरन की कमी होने से आपको बहुत कमजोरी महसूस हो सकती है। आयरन शरीर में लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण के लिए जरूरी है। जब आयरन की कमी होती है तो इंसान बहुत थका हुआ, सुस्त और कमजोर महसूस करता है। जरा सा काम करने में सांस फूलने लगती और चक्कर आने लगते हैं। आयरन कम होने पर केंद्रित करने और चीजों को याद रखने में भी मुश्किल होती है। आयरन की कमी पूरा करने के लिए चुकंदर, पालक, खजूर, अंजीर, आलुबूखारा और किशमिश खाएं।

कैल्शियम (Calcium)- उम्र बढ़ने के साथ हड्डियों में दर्द की समस्या बढ़ जाती है। कैल्शियम की कमी होने पर बहुत थकान महसूस होती है। इससे ऊर्जा में कमी और सुस्ती छाने लगती है। कई बार कैल्शियम की कमी से थकान इतनी बढ़ जाती है कि चक्कर आने लगते हैं। दिमाग में फॉग जैसे छाया रहता है। अगर आपको भी ऐसे लक्षण महसूस होते हैं। तो डाइट में कैल्शियम से भरपूर चीजों को शामिल करें। इसके लिए डेयरी उत्पाद, कोलार्ड साग, पालक, चीज, रागी, केल और संतरा खाएं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हेल्थ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।