1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मकर संक्रांति: गंगा सागर में 16 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

मकर संक्रांति: गंगा सागर में 16 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

 Written By: IANS
 Published : Jan 14, 2017 11:57 pm IST,  Updated : Jan 14, 2017 11:58 pm IST

मकर संक्रांति के अवसर पर वार्षिक गंगा सागर मेला के दौरान शनिवार को चल रही ठंडी हवाओं के बीच बेहद ठंडे पानी में देश व विदेशों से आए 16 लाख लोगों ने गंगा नदी में स्नान किया।

Ganga Sagar- India TV Hindi
Ganga Sagar Image Source : PTI

सागर द्वीप, (पश्चिम बंगाल): मकर संक्रांति के अवसर पर वार्षिक गंगा सागर मेला के दौरान शनिवार को चल रही ठंडी हवाओं के बीच बेहद ठंडे पानी में देश व विदेशों से आए 16 लाख लोगों ने गंगा नदी में स्नान किया। पंचायत एवं लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री सुब्रत मुखर्जी ने कहा, "सुबह से लेकर अब तक लगभग 16 लाख लोग सागर में स्नान कर चुके हैं और पिछले साल की तुलना में इस साल श्रद्धालुओं की संख्या अधिक है। लाखों श्रद्धालुओं ने शुक्रवार शाम को भी पवित्र डुबकी लगाई।"

( देश-विदेश की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें )

कोलकाता से 150 किलोमीटर दक्षिण 24 परगना जिले में स्थित इस द्वीप को हिंदू शुभ व पवित्र मानते हैं, जो साल में इस अवसर पर गंगा और बंगाल की खाड़ी के संगम में स्नान करने के लिए एकत्र होते हैं और कपिल मुनि मंदिर में प्रार्थना कर नारियल चढ़ाते हैं। 

कुंभ मेला के बाद गंगा सागर दूसरा सबसे बड़ा मेला माना जाता है। श्रद्धालु मानते हैं कि इसके पवित्र जल में स्नान करने से जीवनभर के पाप धुल जाते हैं। मुखर्जी ने कहा, "पिछले साल की तुलना में इस साल श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है।"उन्होंने बताया कि प्रशासन ने भीड़ से निपटने के लिए जरूरी बंदोबस्त किए हैं। 

उन्होंने कहा कि मेला परिसर में 20,000 शौचालयों का निर्माण किया गया है, जो 2016 के मुकाबले 5,000 ज्यादा हैं। तीर्थयात्री शौचालय का सही से इस्तेमाल कर सके, इसलिए हर 20 शौचालयों पर एक स्वयंसेवक की व्यवस्था की गई है। पश्चिम बंगाल में मौसम के दूसरे सबसे सर्द दिन शनिवार को पवित्र डुबकी लगाने के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु सागर द्वीप के तट पर इकट्ठा हुए। श्रद्धालु काफी उत्साहित दिखे।

मुखर्जी ने कहा, "हमने एक स्टीमर पर चिकित्सा सेवा की व्यवस्था की, जिसपर चिकित्सा की सभी सुविधाएं मौजूद हैं। यह व्यवस्था पहली बार हुई है। श्रद्धालुओं को सागर द्वीप तक ले जाने के लिए कुल 100 जहाजों का इस्तेमाल किया गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत