1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ‘समुद्रतल में इजाफा होने से भारत में चार करोड़ लोगों को खतरा’

‘समुद्रतल में इजाफा होने से भारत में चार करोड़ लोगों को खतरा’

 Written By: Bhasha
 Published : May 20, 2016 03:06 pm IST,  Updated : May 20, 2016 03:06 pm IST

संयुक्त राष्ट्र की पर्यावरण रिपोर्ट में आगाह किया गया है कि समुद्रतल में इजाफा होने से 2050 तक तकरीबन चार करोड़ भारतीय को खतरा पैदा हो सकता है

sea level- India TV Hindi
sea level

नई दिल्ली: संयुक्त राष्ट्र की पर्यावरण रिपोर्ट में आगाह किया गया है कि समुद्रतल में इजाफा होने से 2050 तक तकरीबन चार करोड़ भारतीय को खतरा पैदा हो सकता है जबकि तेज शहरीकरण एवं आर्थिक वृद्धि के चलते तटीय बाढ़ से मुंबई और कोलकाता के लोगों को सबसे ज्यादा खतरा है। वैश्विक पर्यावरणीय पूर्वानुमान :जीईओ-6: क्षेत्रीय आकलन के अनुसार जलवायु परिवर्तन का सबसे खराब प्रभाव प्रशांत और दक्षिण एवं दक्षिणपूर्व एशिया में होने का अंदेशा है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि 2050 तक समुद्र की सतह में इजाफा होने से दुनिया भर में जिन 10 देशों की आबादी सबसे ज्यादा प्रभावित होगी उनमें से सात देश एशिया प्रशांत क्षेत्र के हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाले देशों की फेहरिस्त में भारत सबसे उपर है। समुद्र की सतह में इजाफा होने के चलते भारत के तकरीबन चार करोड़ लोग जोखिम में हैं जबकि बांग्लादेश के ढाई करोड़, चीन के दो करोड़ और फिलीपीन के तकरीबन डेढ़ करोड़ लोगों को खतरा है।

रिपोर्ट में बताया गया है कि एशिया में बसावट के तरीकों में परिवर्तन, शहरीकरण और सामाजिक-आर्थिक दर्जा ने जलवायु की चरम स्थितियों के खतरे और उससे दो-चार होने की आशंकाओं के अवलोकित रूझानों को प्रभावित किया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अनेक तटीय इलाके, विस्तार से गुजर रही शहरी बसावटों ने भी जलवायु की चरम स्थितियों से होने वाली घटनाओं से निबटने की प्राकृतिक तटीय प्रणालियों की क्षमता प्रभावित की है और वहां खतरा बढ़ाया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत