हैदराबाद: राष्ट्रीय जांच एजेंसी NIA ने दावा किया कि यहां गिरफ्तार किए गए पांच व्यक्तियों को पश्चिम एशिया स्थित आतंकवादी संगठन आईएसआईएस से भारत में आतंकी गतिविधियों की सजिश रचने और उन्हें अंजाम देने के आदेश मिल रहे थे।
इस बीच NIA ने इन पांचों लोगों को भारी सुरक्षा घेरे में मेट्रोपॉलिटन सत्र न्यायाधीश की अदालत में पेश किया। अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया हालांकि जांच एजेंसी ने और पूछताछ के लिए उनकी पुलिस हिरासत की एक याचिका दी थी जिस पर आज सुनवाई हो सकती है। आरोपियों को बाद में चेरलापल्ली केंद्रीय कारागार भेज दिया गया।
ग़ौरतलब है कि जांच एजेंसी ने ISIS से जुड़े एक गुट के पांच सदस्यों को हैदराबाद से गिरफ़्तार किया था। इन पर आतंकी साजिश रचने और हमले को अंजाम देने का शक़ है।
एजेंसी ने हैदराबाद पुलिस की मदद से शहर में 10 स्थानों पर खोजबीन करने के बाद मोहम्मद इब्राहिम यजदानी उर्फ इब्बू, हबीब मोहम्मद उर्फ सर, मोहम्मद इलयास यजदानी, अब्दुल्ला बिन अहमद अल अमूदी और मुजफ्फर हुसैन रिजवान को गिरफ्तार किया।
एनआईए के अनुसार प्रारंभिक जांच के दौरान पाया गया कि गिरोह आतंकी कत्यों को अंजाम देने के लिए आईईडी तैयार कर रहा था और इसके लिए गिरोह को एक ऑनलाइन हैंडलर से दिशा निर्देश मिल रहे थे। ऐसा संदेह है कि हैंडलर इराक या सीरिया में था। एजेंसी ने कहा कि आगे जांच जारी है।
एनआईए ने पुख्ता जानकारी के आधार पर पहले एक मामला दर्ज किया था कि हैदराबाद के कुछ युवक और उनके साथी देश के विभिन्न हिस्सों में धार्मिक स्थलों, संवेदनशील सरकारी इमारतों समेत सार्वजनिक स्थानों पर आतंकी हमले करने के लिए हथियार और विस्फोटक सामग्री एकत्र करके भारत सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने की साजिश रच रहे हैं।