श्रीनगर: सेना ने 18 सितंबर को उरी में हुए घातक हमलों के बाद उरी ब्रिगेड के कमांडर को हटा दिया है। इस हमले में 19 जवान शहीद हुए हैं। रक्षा सूत्रों ने बताया कि ब्रिगेडियर के. सोमशेखर को संवेदनशील ब्रिगेड से हटा दिया गया है। उन्होंने बताया कि सेना की 28 माउंटेन डिवीजन के एक अधिकारी उरी ब्रिगेड के कमांडर के रूप में कार्यभार संभालेंगे। इस घटनाक्रम पर टिप्पणी मांगने पर सेना के अधिकारियों ने कोई जवाब नहीं दिया।
आर्मी बेस पर इस आतंकी हमले में सेना के 19 जवान शहीद और 25 अन्य घायल हुए थे। हमले के समय जवान सो रहे थे।
जम्मू-कश्मीर में करीब 25 साल से जारी आतंकवाद के दौरान सेना पर यह सबसे घातक हमला था। लाइन ऑफ कंट्रोल (LOC) के नजदीक उरी सेक्टर में स्थित इस आर्मी बेस में आतंकी PoK के रास्ते सुबह तड़के घुसे और फिर ताबड़तोड़ ग्रेनेड फेंके जिससे कुछ बैरकों में आग लग गयी। बैरक में आग लगने से एक तंबू में सो रहे डोगरा व बिहार रेजिमेंट के 20 जवान जिंदा जल गये।