जम्मू: भारतीय सेना प्रमुख जनरल दलबीर सिंह सुहाग पाकिस्तान द्वारा संघर्षविराम के लगातार उल्लंघन के बीच सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए शनिवार को जम्मू एवं कश्मीर पहुंच रहे हैं। रक्षा सूत्रों ने बताया, "जनरल दलबीर सिंह आज (शनिवार) सुबह यहां पहुंच रहे हैं। वह राज्य में सीमाओं का जायजा लेंगे।" वह उत्तरी कमान मुख्यालयों का दौरा करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, "इस दौरान उत्तरी कमान के जीओसी-इन-सी और तीन कॉर्प्स कमांडर 14, 15 और 16 मौजूद रहेंगे।" उन्होंने बताया, "सेना प्रमुख नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर फॉरवर्ड ठिकानों का भी दौरा कर सकते हैं।" भारत द्वारा एलओसी पार आतंकवादी ठिकानों पर 'सर्जिकल स्ट्राइक' के बाद यह जनरल दलबीर सिंह का जम्मू एवं कश्मीर का पहला दौरा होगा।
मुठभेड़ के एक दिन बाद नियंत्रण रेखा के पास तलाश अभियान जारी
जम्मू कश्मीर के पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास एक वन क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने तलाश अभियान जारी रखा। संदिग्ध आतंकवादियों के साथ एक दिन पहले ही मुठभेड़ हुई थी जिसमें एक विशेष पुलिस अधिकारी :एसपीओ: घायल हो गए थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोलीबारी समाप्त हो गई है लेकिन तलाश और घेराबंदी अभियान अब भी जारी है।
गौरतलब है कि पुलिस के विशेष अभियान समूह की जिले में एलओसी के पास मनकोट वनक्षेत्र में एक दो आतंकवादियों समूह से मुठभेड़ हुई। अधिकारी ने बताया कि अब तक कोई आतंकवादी मारा नहीं गया है लेकिन अभियान जारी है।