अमृतसर: आगामी 2017 विधानसभा चुनावों पर नजरें गढाए आम आदमी पार्टी ने यहां अपना युवा घोषणापत्र जारी करके पांच सालों में 25 लाख नौकरियों, गांवों में मुफ्त वाईफाई हाटस्पाट और नशे के कारोबारियों के लिए मृत्यु होने तक जेल की सजा के प्रावधान के लिए विशेष कानून का वादा किया।
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने युवाओं के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। राज्य में सत्ता हासिल करने में जुटी पार्टी समाज के अलग अलग वर्गों के लिए अलग अलग घोषणापत्र लेकर आएगी।
पार्टी ने पंजाब वार्ता समिति अध्यक्ष कंवर संधू द्वारा तैयार घोषणापत्र में कहा, हमारा प्रयास पंजाब के युवकों को नौकरी मांगने वाले के बजाय नौकरी देने वाला बनाने का है। उन्होंने कहा कि आगामी पांच सालों में 25 लाख नौकरियां और रोजगार अवसर पैदा किये जाएंगे।
BJP घबरा रही है क्योंकि AAP 2017 चुनाव जीतेगी
केजरीवाल ने सत्तारूढ़ अकाली दल भाजपा गठबंधन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे घबराए हुए हैं क्योंकि आप 2017 पंजाब विधानसभा चुनावों में शानदार जीत दर्ज करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि अकाली दल भाजपा ने आप को बदनाम करने की साजिश रची है।
युवा घोषणापत्र जारी करने वाले केजरीवाल ने एक सर्वेक्षण का हवाला देते हुए दावा किया कि इससे पता चलता है कि आप राज्य विधानसभा चुनावों में 117 में से 100 सीटें जीतेगी।