गया: बिहार के गया में बारहवीं के छात्र आदित्य सचदेवा के कत्ल में मुख्य आरोपी रॉकी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार करने के साथ ही पुलिस ने उसका वो पिस्टल भी बरामद कर लिया है जिससे गोली चलाने की बात कही जा रही है। पुलिस बता रही है कि रॉकी को उसके बाहुबली पिता की फैक्ट्री से पकड़ा गया है। लेकिन रॉकी पुलिस के दावे को झूठा बता रहा है। उसने कैमरे के सामने दावा किया कि उसने सरेंडर किया है।
रॉकी की गिरफ्तारी का मिडनाइट ऑपरेशन
60 घंटों की आंख मिचौली के बाद गया में आदित्य के हत्या का आरोपी रॉकी जब पुलिस की शिकंजे में आया तो चेहरे पर काला नकाब था और मेज पर उसकी चमचमाती सिल्वर रंग की पिस्टल पड़ी थी। वही पिस्टल जो 25 साल के रॉकी की कमर में रहती थी और जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपये है। इसी पिस्टल से 19 साल के होनहार छात्र आदित्य की मामूली बात पर हत्या की बात कही जा रही है। बाहुबली का बेटा पुलिसवालों से भी हाईटेक पिस्टल लेकर घूमता था। लेकिन आदित्य के मर्डर के केस में जब पुलिस उसकी एमएलसी मां और बाहुबली पिता के ठिकानों पर छापे मारती रही तो रॉकी कहीं दुबक कर बैठ गया।
3 दिन बाद शिकंजे में आदित्य का 'कातिल'
गिरफ्तार करने के बाद रॉकी ने कहा, ‘किसी के कहने से हम नहीं मान सकते ये बात। कहीं कोई छिपने की बात नहीं है...हम दिल्ली में थे। हमारी माता जी बुलाईं तो हम एसपी साहब के सामने आत्मसमर्पण कर दिए। गोली मारी ही नहीं...गोली एकदम नहीं मारी है।’ रॉकी कह रहा है कि वो दिल्ली गया हुआ था जबकि गया पुलिस का दावा है कि रॉकी गया में ही छिपा हुआ था और लगातार हो रही छापेमारी में उसे पकड़ लिया गया।
आगे की स्लाइड में पढ़िए इतने दिन तक कहां छिपा रहा हत्या का आरोपी?