नई दिल्ली: लेफ्टिनेंट जनरल बिपिन रावत को नया सेना प्रमुख नियुक्त किया गया है। वह दलबीर सिंह सुहाग की जगह लेंगे और 1 जनवरी से पद संभालेंगे। एयर मार्शल बी एस धनोआ को अगले वायुसेना प्रमुख होंगे। धनोआ अरूप राहा की जगह लेंगे।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
थल सेना प्रमुख जनरल दलबीर सिंह सुहाग और वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अरुप राहा, दोनों इसी साल 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। सेना के नए प्रमुख पद के लिए पूर्वी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल प्रवीण बख्शी और दक्षिणी कमान के पीएम हरीज भी दौड़ में थे।
रक्षा मंत्रालय ने एक ट्वीट में कहा, सरकार ने उप सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल बिपिन रावत को नया सेना प्रमुख नियुक्त करने का फैसला किया है और यह नियुक्ति 31 दिसंबर दोपहर बाद से प्रभावी होगी। मंत्रालय ने यह भी ट्वीट किया कि एयर मार्शल बी एस धनोआ 31 दिसंबर दोपहर बाद से वायु सेना प्रमुख के रूप में कार्यभार संभालेंगे।
लेफ्टिनेंट जनरल रावत को पूर्वी कमान के प्रमुख एवं वरिष्ठतम थलसेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रवीण बख्शी और दक्षिणी कमान के प्रमुख पी एम हारिज से आगे बढाया गया है। सरकार के सूत्रों ने बताया कि लेफ्टिनेंट जनरलों में से लेफ्टिनेंट जनरल रावत को उत्तर में पुनर्गठित सैन्य बल, लगातार आतंकवाद एवं पश्चिम से छद्म युद्ध एवं पूर्वोत्तर में हालात समेत उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए सर्वाधिक उचित पाया गया।