नई दिल्ली। दिल्ली के डियर पार्क में 6 और पक्षियों की मौत होने के साथ ही बर्ड फ्लू के कारण राजधानी में मरने वाले प्रवासी पक्षियों की संख्या 24 हो गई है। दिल्ली के पशुपालन मंत्री गोपाल राय ने कहा कि केंद्रीय प्रयोगशाला, भोपाल ने पक्षियों के शुरुआती नमूने में H5N8 वायरस की पुष्टि कर दी है। यह H5N1 की तरह मनुष्य के लिए ज्यादा खतरनाक नहीं है।
देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
आठ पक्षियों का एक नमूना पहले क्षेत्रीय प्रयोगशाला जालंधर भेजा गया था, बाद में इसे भोपाल की केंद्रीय प्रयोगशाला में भेजा गया। इसकी शुरुआती रिपोर्ट में कहा गया कि H5 वायरस तीन पक्षियों में पाया गया है। दिल्ली सरकार को गुरुवार शाम को अंतिम रिपोर्ट प्राप्त हुई।
दिल्ली के पशुपालन मंत्री गोपाल राय ने कहा, "H5N1 ज्यादा खतरनाक वायरस है, जिससे हम डर रहे थे, लेकिन अंतिम रिपोर्ट में निष्कर्ष निकाला गया है कि यह H5N8 वायरस है।"
मंत्री ने कहा, "हमने चिकित्सा विशेषज्ञों से बात की है और उन्होंने कहा कि H5N1 से मनुष्यों में संक्रमण पाया गया है, लेकिन ऐसी कोई रपट H5N8 के बारे में नहीं है। इसलिए दिल्ली के लोगों को दहशत में आने की जरूरत नहीं है।" राय की यह टिप्पणी भोपाल और बरेली की केंद्रीय प्रयोगशालाओं के विशेषज्ञों के साथ हुई बैठक के बाद आई है। इससे पहले राय ने स्थिति का जायजा लेने के लिए पोल्ट्री बाजार का दौरा किया।
उन्होंने ने कहा कि सुबह बाजार में पहुंचे 2.2 लाख चूजों में एवियन वायरस के संक्रमण का कोई संकेत नहीं है। हालांकि सावधानी के तौर पर बाजार में प्रवेश करने वाले ट्रकों को शनिवार से मेडिकल प्रमाणपत्र लेना अनिवार्य कर दिया गया है। राय ने कहा, "वाहन स्वामियों को अपने मूल स्थान से गाजीपुर मंडी में पोल्ट्री लाने के लिए स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र लेना होगा।" राय ने बाजार में इन उपायों की निगरानी के लिए एक 15 सदस्यीय निगरानी समिति गठित की है।