1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. "लालू का एक ही नारा, तुम मुझे जमीन दो, मैं तुम्हारा काम करा दूंगा"

"लालू का एक ही नारा, तुम मुझे जमीन दो, मैं तुम्हारा काम करा दूंगा"

 Written By: IANS
 Published : Apr 11, 2017 06:39 pm IST,  Updated : Apr 11, 2017 06:39 pm IST

सुशील कुमार मोदी ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के अध्यक्ष लालू प्रसाद के परिवार पर बियर कारखाना खोलवाने के नाम पर जमीन लेने का आरोप लगाया है।

Lalu Yadav- India TV Hindi
Lalu Yadav

पटना: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की बिहार इकाई के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के अध्यक्ष लालू प्रसाद के परिवार पर बियर कारखाना खोलवाने के नाम पर जमीन लेने का आरोप लगाया है। मोदी ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, "लालू का एक ही नारा है, तुम मुझे जमीन दो, मैं तुम्हारा काम करा दूंगा।" मोदी ने आरोप लगाया कि लालू प्रसाद ने पटना के बिहटा में बियर कारखाना के मालिकों से करोड़ों की जमीन ली है।

उन्होंने कहा, "राबड़ी सरकार के कार्यकाल (2000-2005) के दौरान ओम प्रकाश कत्याल एवं अमित कल्याल की कम्पनी 'आइसबर्ग इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड' ने बिहटा में शराब का कारखाना लगाया। 28 सितंबर, 2006 को ए़ क़े इंफोसिस्टम नामक कंपनी गठित हुई, जिसमें अमित कत्याल एवं उनके भाई राजेश कत्याल एवं अन्य निदेशक थे। इस कंपनी में लालू, उनके पुत्र तेजस्वी प्रसाद यादव व तेजप्रताप यादव तथा पुत्री चन्दा यादव एवं रागिनी 2014 में निदेशक नियुक्त किए गए।" 

ये भी पढ़ें

एक भारतीय जासूस जो बन गया था पाकिस्तानी सेना में मेजर

ना'पाक' साजिश...कुलभूषण को ईरान से अगवा कर बताया जासूस
आजम खान के खिलाफ वारंट जारी, IPS के लिए कहे अभद्र शब्द
राहुल गांधी गंभीर नेता नहीं, 2019 में कांग्रेस को मिलेगी 20 सीट: विश्वजीत

भाजपा नेता ने आरोप लगाया, "आज इस कंपनी पर पूरी तरह लालू प्रसाद के परिवार का कब्जा है। ए़ क़े इंफोसिस्टम नामक कंपनी के सारे शेयर बिहार के स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी के पास हैं।" उन्होंने कहा कि शराब कारखाना लगाने वाले कत्याल परिवार से लालू ने करोड़ों रुपये की जमीन ली।  मोदी ने कहा, "किसी संवैधानिक और सरकारी पद पर रहते हुए इस तरह के पैसे का लेन-देन भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम का उल्लंघन है।"

उन्होंने सवाल किया, "तेजप्रताप और तेजस्वी के ए़ क़े इंफोसिस्टम के निदेशक बनते ही कत्याल परिवार उस कंपनी से क्यों गायब हो गए? उन्होंने लालू परिवार से पूछा है कि आखिर बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम से ऐन पहले तेजप्रताप और तेजस्वी ने कंपनी के निदेशक पद से इस्तीफा क्यों दिया?" उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि इस्तीफा देने के बाद भी दोनों भाई कंपनी के आज भी शेयरधारक हैं।

भाजपा नेता ने तेजस्वी और लालू प्रसाद की पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से भी सवाल किया, "वह बताएं कि केवल 55 हजार रुपये निवेश कर करोड़ों रुपये की सम्पत्ति वाली कम्पनी के मालिक कैसे बन गए? इस कम्पनी की कौन-कौन सी जमीन पटना में कहां-कहां है?" उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व भी मोदी ने लालू परिवार पर डिलाइट कंपनी के नाम पर करोड़ों रुपये की जमीन लेने का आरोप लगाया है। लालू प्रसाद ने हालांकि इस आरोप को निराधार बताया था। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत