1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. UP विधानसभा चुनाव: ‘अकेले लड़ेगी भाजपा और बहुमत से जीतेगी’

UP विधानसभा चुनाव: ‘अकेले लड़ेगी भाजपा और बहुमत से जीतेगी’

 Written By: India TV News Desk
 Published : May 11, 2016 05:45 pm IST,  Updated : May 11, 2016 05:45 pm IST

भारतीय जनता पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि वह विधान सभा चुनाव में किसी भी अन्य दल से गठबंधन नहीं करेगी, यानि वर्ष 2017 में होने वाले चुनावों में अकेले दम पर ही चुनाव लड़ेगी।

bjp- India TV Hindi
bjp

मथुरा: भारतीय जनता पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि वह विधान सभा चुनाव में किसी भी अन्य दल से गठबंधन नहीं करेगी, यानि वर्ष 2017 में होने वाले चुनावों में अकेले दम पर ही चुनाव लड़ेगी। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा ने कहा, वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा अकेले दम पर चुनाव लड़ेगी और प्रचंड बहुमत से जीतेगी। प्रदेश में अगली सरकार भाजपा की ही बनेगी।

उन्होंने राज्य में राष्ट्रीय लोकदल के साथ गठबंधन किए जाने की खबरों को पूरी तरह नकार दिया। बोले, भारतीय जनता पार्टी एक राष्ट्रीय पार्टी है। लोकसभा चुनाव में यहां से भाजपा व सहयोगी दल को 80 में से 73 सीटें हासिल हुई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की हर वर्ग में आज भी पूरी पकड़ बरकरार है। इसलिए किसी अन्य दल से किसी भी प्रकार का समझौता करने का कोई औचित्य नहीं बनता है। उन्होंने कहा कि अपने पांच साल के कार्यकाल के शुरुआती दो वर्ष में भाजपा ने काफी काम किए हैं।

श्रीकांत ने कहा कि भाजपा ने भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई है। आम आदमी को राहत पहुंचाने के लिए कई नई योजनाओं की शुरुआत की है। इसलिए पार्टी अपने द्वारा किए गए विकास कार्यों को ही मुद्दा बनाते हुए प्रदेश का चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि वैसे अगर प्रादेशिक स्तर पर देखा जाए तो यहां की जनता कानून व व्यवस्था की दिनोंदिन बिगड़ती स्थिति से बुरी तरह त्रस्त है। उसे इस प्रकार की समस्याओं से मुक्ति दिलाने का काम भाजपा ही कर सकती है, सपा, बसपा या कांग्रेस नहीं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत