नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के शहरी विकास मंत्री आजम खान द्वारा बुलंदशहर हाइवे दुष्कर्म पीड़ितों के खिलाफ 'भड़काऊ' बयान देने पर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर सर्वोच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई है। वकील किसलय पांडे ने कहा कि नाबालिग लड़की के पिता ने शुक्रवार को आजम खान के खिलाफ याचिका दायर की, जिन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान इस वीभत्स घटना को राजनीतिक साजिश करार दिया था।
पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद जब उन्होंने फोन पर पुलिस से संपर्क किया, तो उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। उन्होंने कहा कि अपराध पुलिस चौकी से मात्र 100 गज की दूरी पर हुआ और उनके रोने-चिल्लाने की आवाज के बावजूद उन्हें बचाने कोई नहीं आया।