चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के आवास की तरफ बढ़ रहे आम आदमी पार्टी (AAP) के 15 हजार कार्यकर्ताओं को पुलिस ने सोमवार को चंडीगढ़ से लगे मोहाली शहर की सीमा पर रोक दिया। आप नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने बाद में पंजाब के कार्यवाहक राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी से मुलाकात की और उन्हें बादल सरकार के खिलाफ ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में पंजाब में आम आदमी पार्टी के मामलों के प्रभारी संजय सिंह, राज्य संयोजक सुचा सिंह छोटेपुर, सांसद भगवत मान और हास्य अभिनेता गुरप्रीत घुग्गी शामिल थे। प्रदर्शनकारी 'लापता' खाद्यान्न के 12000 करोड़ के घोटाले की उच्चस्तरीय जांच की मांग कर रहे थे। 'आप' का कहना है कि बादल सरकार घोटाले की जांच नहीं करा रही है।
पार्टी ने इसके साथ ही राज्य में मादक पदार्थ, माफिया और भ्रष्टाचार के कथित वर्चस्व का मुद्दा भी उठाया। आप के प्रदर्शन के मद्देनजर सोमवार को चंडीगढ़ और आसपास सुरक्षा के इंतजाम और कड़े कर दिए गए थे। मुख्यमंत्री के सरकारी आवास और उनके बेटे एवं उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के आवास के पास पुलिस ने अवरोधक लगा दिए थे। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे।
हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी के सेक्टर 6 स्थित सरकारी आवास के आसपास भी कड़ी सुरक्षा की गई थी। मुख्यमंत्री प्रकाश सिह बादल ने आप नेताओं से मिलने के लिए सोमवार को अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए। पूर्व में बादल अपने आवास के बाहर प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस नेताओं से मुलाकात कर चुके हैं।
इसके साथ ही प्रकाश सिंह बादल ने एक बयान में कहा, “मेरे घर के दरवाजे लोगों के लिए हमेशा खुले हैं और उनकी समस्याओं को सुलझाने, बातचीत करने के लिए 24 घंटे खुले हैं।”