1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कश्मीर घाटी में शनिवार को कहीं नहीं लगा कर्फ्यू, हालात शांतिपूर्ण

कश्मीर घाटी में शनिवार को कहीं नहीं लगा कर्फ्यू, हालात शांतिपूर्ण

 Written By: Bhasha
 Published : Oct 01, 2016 09:50 pm IST,  Updated : Oct 01, 2016 09:50 pm IST

कश्मीर में शनिवार को हालात शांतिपूर्ण रहे। घाटी में कहीं भी आज कर्फ्यू नहीं लगाना पड़ा। हालांकि, अलगाववादियों द्वारा प्रायोजित हड़ताल ने लगातार 85वें दिन सामान्य जनजीवन बाधित किया।

Representative Image | Photo: PTI- India TV Hindi
Representative Image | Photo: PTI

श्रीनगर: कश्मीर में शनिवार को हालात शांतिपूर्ण रहे। घाटी में कहीं भी आज कर्फ्यू नहीं लगाना पड़ा। हालांकि, अलगाववादियों द्वारा प्रायोजित हड़ताल ने लगातार 85वें दिन सामान्य जनजीवन बाधित किया। एक पुलिस प्रवक्ता ने शाम को बताया, ‘घाटी के किसी हिस्से से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। श्रीनगर सिटी के साथ-साथ घाटी के अन्य हिस्सों में लोगों की आवाजाही पहले से ज्यादा रही और गाड़ियां भी सड़कों पर निकली।’ इससे पहले शहर में हालात सुधरने के बाद दिन में श्रीनगर से कर्फ्यू हटाया गया। 

देश-विदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर के उन इलाकों से कर्फ्यू हटा लिया गया जहां शुक्रवार को बंदिशें लगाई गई थीं। इस बीच, पिछले महीने विरोध प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच संघर्ष में घायल हुए मुजफ्फर अहमद पंडित नाम के एक युवक ने आज अस्पताल में दम तोड़ दिया और इसी के साथ कश्मीर घाटी में जारी मौजूदा अशांति में मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 83 हो गई। 

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुजफ्फर अहमद पंडित सितंबर के दूसरे हफ्ते में बडगाम जिले के नरबल इलाके के चेक-ए-कवूसा में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच हुए संघर्ष के दौरान छर्रे लगने से घायल हो गया था। युवक को कुछ दिन के इलाज के बाद एसएमएचएस अस्पताल से छट्टी दे दी गई थी लेकिन गंभीर संक्रमण होने के कारण कुछ दिन पहले उसे बेमिना के एसकेआईएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारी ने कहा कि पंडित ने आज सुबह दम तोड़ दिया।

पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि घाटी में पिछले 24 घंटों के दौरान 51 अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि घाटी में हालात आज कमोबेश शांतिपूर्ण रहे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत