1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. चक्रवात वरदा: तटीय तमिलनाडु में भारी बारिश

चक्रवात वरदा: तटीय तमिलनाडु में भारी बारिश

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 12, 2016 01:50 pm IST,  Updated : Dec 12, 2016 01:50 pm IST

चेन्नई: भीषण चक्रवाती तूफान वरदा चेन्नई के करीब 60 किलोमीटर पूर्वोत्तर में पहुंच गया है और इसके आगामी दो घंटों में यहां पहुंचने की संभावना है। ऐसे में शहर एवं तमिलनाडु के तटीय जिलों तिरूवल्लूर

Cyclone Verda- India TV Hindi
Cyclone Verda

चेन्नई: भीषण चक्रवाती तूफान वरदा चेन्नई के करीब 60 किलोमीटर पूर्वोत्तर में पहुंच गया है और इसके आगामी दो घंटों में यहां पहुंचने की संभावना है। ऐसे में शहर एवं तमिलनाडु के तटीय जिलों तिरूवल्लूर एवं कांचीपुरम में आज भारी बारिश हुई, निचले इलाकों में पानी भर गया और तेज हवाओं के कारण सैकड़ों पेड़ उखड़ गए। 

भारतीय मौसम विभाग के दोपहर के बुलेटिन के अनुसार अपराह्न दो से शाम पांच बजे के बीच वरदा के तट पर पहुंचने पर इलाके में 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर 120 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने की आशंका है। 

अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान के तमिलनाडु पहुंचने के मद्देनजर आज सुबह चेन्नई में तेज हवाएं चलेंगी। इन इलाकों के कई हिस्सों में विद्युत आपूर्ति एहतियातन रोक दी गई है । 

चक्रवात के निकट आने के कारण बारिश बढ़ गई जिसके कारण कई क्षेत्रों में जलभराव हो गया। 

तमिलनाडु सरकार ने विल्लूपुरम के तटीय तालुकों के अलावा चेन्नई, कांचीपुरम एवं तिरूवल्लूर में शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी की घोषणा कर दी है। 

अधिकारियों ने बताया कि यहां रेल एवं विमान सेवाएं प्रभावित हुई हैं। 

हवाईअड्डा अधिकारियों ने बताया कि तेज हवाओं और कम दृश्यता के कारण आने वाली कम-से-कम 25 उड़ानों के मार्ग में परिवर्तन कर उन्हें हैदराबाद और बेंगलूर हवाईअड्डों की ओर ले जाया गया। इनमें विदेशों से आने वाले कुछ विमान भी शामिल रहे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत