नई दिल्ली: दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के कथित तौर पर फेक पीए बन कर नर्सरी नामांकन के लिए शहर के जाने माने स्कूलों को फोन करता था। फोन करने वाले शख्स को दिल्ली पुलिस पता लगाने का प्रयास कर रही है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, हमने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस जल्द से जल्द आरोपी की पहचान का पता लगाने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने बताया कि अज्ञात आरोपी ने सिसोदिया का पीए होने का दावा करते हुए वसंतकुंज और अशोक विहार में दो-तीन प्रख्यात स्कूलों में फोन किया था और स्कूल प्रशासन से नर्सरी कक्षाओं में नामांकन के लिए कहा था।
दिल्ली सचिवालय के एक अधिकारी के लिखित शिकायत पर आईपी स्टेट थाना में बहुरूपिये के खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया था और जांच शुरू की गयी थी। पुलिस के मुताबिक स्कूलों के प्रिन्सिपल और मालिकों को फोन करके खुद को मनीष सिसोदिया का पीए बताया। यह वाकया वसंतकुंज और अशोक विहार में हुआ, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद का नाम उपेन्द्र बताया।
हालांकि स्कूल की तरफ से सम्पर्क साधने की काफी कोशिश की गई। जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई और अभी भी दिल्ली पुलिस को उस शख्स की तलाश हैं।