नई दिल्ली: मुंबई अहमदाबाद कॉरिडोर के बाद नरेंद्र मोदी सरकार ने दूसरी बुलेट ट्रेन की सौगात जनता को देने का वादा कर दिया है। इस ट्रेन के पटरी पर आने के बाद दिल्ली से बनारस तक का सफर सिर्फ 2 घंटे 40 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। एक रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली से बनारस को जाने वाले इस ट्रेन के रास्ते में अलीगढ़, आगरा, कानपुर, लखनऊ और सुल्तानपुर जैसे शहर पड़ेंगे। सरकार ने आगामी यूपी विधानसभा चुनाव को देखते हुए इस परियोजना में तेजी ला दी है।
यह परियोजना 1513 किलोमीटर दिल्ली-कोलकाता कॉरिडोर का हिस्सा होगी। लंबे इस ट्रेन के आने के बाद दिल्ली से लखनऊ (506 किमी) तक का सफर 1 घंटा 45 मिनट में जबकि दिल्ली से कोलकाता (1,513 किमी) तक का सफर 4 घंटा 56 मिनट होगा। एक स्पेनिश फर्म इस प्रस्ताव की व्यवहारिकता का अध्ययन कर रही है और इसने अपनी अंतरिम रिपोर्ट भी सौंप दी है। हालांकि यह फर्म अपनी अंतिम रिपोर्ट इस साल के अंत तक ही सौंप पाएगी।
कितनी लागत आएगी:
रोलिंग स्टॉक के बिना इस परियोजना की प्रारंभिक लागत दिल्ली से बनारस के लिए करीब 43,000 करोड़ रुपए और दिल्ली से कोलकाता कॉरिडोर के लिए 84,000 करोड़ आंकी जा रही है। हालांकि इस परियोजना की अंतिम लागत अभी तक सामने नहीं आ पाई है। जापान द्वारा रेल मंत्रालय को सौंपी गई विस्तृत परियोजना रिपोर्ट में 25 फीसदी काम एलिवेटेड कॉरिडोर, 64 फीसदी काम सरफेस (ज्यादातर तटबंधों) पर और 6 फीसदी काम टनल पर करना प्रस्तावित किया है।