भोपाल। सेंट्रल जेल से प्रतिबंधित संगठन स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (SIMI) के आठ विचाराधीन कैदियों के फरार होने को लेकर सुरक्षा पर उठ रहे सवालों के बीच एक बड़ा खुलासा हुआ है कि 80 गार्ड मंत्रियों और अफसरों की सुरक्षा में लगे हुए हैं।
(देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय जेल में सुरक्षा गार्ड की संख्या 160 है, मगर इनमें से 80 गार्ड राज्य सरकार के मंत्रियों से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों, पूर्व मंत्रियों के यहां अपनी सेवाएं दे रहे हैं। लिहाजा जिस जेल की सुरक्षा के लिए 160 प्रहरियों की जरूरत है, वहां सिर्फ आधे ही तैनात हैं। इस स्थिति में जेल की सुरक्षा में सेंध लगना स्वाभाविक है।
भोपाल जेल से एक गार्ड रमाशंकर यादव की गला रेतकर हत्या करने के बाद SIMI के आठ विचाराधीन कैदी फरार हो गए थे। बाद में उन्हें पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। इस घटना के बाद से ही जेल की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं और आश्चर्य व्यक्त किया जा रहा है कि सिमी के विचाराधीन कैदी गार्ड की हत्या कर 20 फुट से उंची दीवार को फांदकर भागने में कैसे कामयाब हुए?
कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव ने कहा, "जेल प्रहरियों के मंत्रियों और अफसरों की सुरक्षा में तैनात होना जेल की सुरक्षा में ढील की पुष्टि करता। इतना ही नहीं, इससे यह भी साफ हो जाता है कि प्रदेश की जेलों की सुरक्षा भगवान भरोसे है।"
जेल मंत्री कुसुम महदेले के यहां भी केंद्रीय जेल के तीन गार्ड के ड्यूटी करने की बात सामने आई है। इस पर महदेले ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा कि यह गिनती बढ़ा चढ़ाकर बताई गई है। उनके यहां एक वाहन चालक है और दो सुरक्षा कर्मी तैनात हैं। उन्होंने कहा कि वह जांच कराएंगी और जो प्रहरी जेल के बाहर सेवाएं दे रहे होंगे, उन्हें वहां से हटाया जाएगा।