जम्मू: जंगलों में फैली लपटों पर काबू पाने के लिए की जा रही तमाम कोशिशों के बावजूद आग ने जम्मू एवं कश्मीर के रियासी जिले में स्थित त्रिकुटा हिल्स के भी काफी बड़े इलाके को चपेट में ले लिया है, जो माता वैष्णो देवी के मंदिर के निकट है। यह जानकारी अधिकारियो ने मंगलवार को दी।
अधिकारियों ने बताया कि वन विभाग, अग्निशमन विभाग, केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के अधिकारियों तथा पुलिस की टीमों की तमाम कोशिशों के बावजूद पिछले दो दिन से त्रिकुटा हिल्स के जंगलों के बड़े हिस्से में लगी आग काबू में नहीं आई है।
"आग वैष्णो देवी मंदिर से दूर है..."
अधिकारियों ने हालांकि इस बात की पुष्टि की है कि आग मंदिर से दूर है, लेकिन सावधानीवश कटरा से मंदिर तक श्रद्धालुओं को ले जाने के लिए इस्तेमाल होने वाले सभी हेलीकॉप्टरों को जंगल से दूर माता वैष्णो देवी यूनिवर्सिटी के कैम्पस में रखवा दिया गया है।
राज्य प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "त्रिकुटा हिल्स के जंगलों में लगी आग पर काबू पाने के लिए प्रयास चौबीसों घंटे जारी हैं..."