1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हरियाणा के 5 गांव राष्ट्रपति भवन से जोड़े जाएंगे

हरियाणा के 5 गांव राष्ट्रपति भवन से जोड़े जाएंगे

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jul 04, 2016 11:02 pm IST,  Updated : Jul 04, 2016 11:02 pm IST

राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी हरियाणा में पांच ग्राम पंचायतों को सीधा राष्ट्रपति भवन से जोड़ना चाहते हैं ताकि उन्हें स्मार्ट गांव के तौर पर विकसित किया जा सके और इस बात को सुनिश्चित किया जा सके कि काम लोगों की आकांक्षाओं के अनुसार हों।

haryana- India TV Hindi
haryana

चंडीगढ़: राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी हरियाणा में पांच ग्राम पंचायतों को सीधा राष्ट्रपति भवन से जोड़ना चाहते हैं ताकि उन्हें स्मार्ट गांव के तौर पर विकसित किया जा सके और इस बात को सुनिश्चित किया जा सके कि काम लोगों की आकांक्षाओं के अनुसार हों। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दो जुलाई को मुखर्जी ने स्मार्ट आदर्श ग्राम पायलट परियोजना का उद्घाटन किया था जिसके तहत गुड़गांव जिले में धौला, अलीपुर, हरिचंदनपुर और ताजनगर और मेवात जिले में रोजका-मेव को आदर्श ग्राम के तौर पर विकसित किया जाएगा।

गुड़गांव जिले के धौला और हरिचंदनपुर गांवों में आज विशेष ग्राम सभाओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति की सचिव ओमिता पॉल ने कहा, नयी तकनीक का इस्तेमाल गांवों को स्मार्ट बनाने में किया जाएगा। हम यहां आपकी सहायता करने और संसाधन उपलब्ध कराने आए हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के स्मार्ट गांवों को पिछले तीन से चार वर्षों में राष्ट्रपति भवन में किए गए विकास कार्यों की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।

देश के शीर्ष रैंकिंग वाले संस्थानों को स्मार्ट गांव विकसित करने के लिए टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि लोग अगर चाहते हैं कि उनका गांव स्मार्ट बने तो उन्हें आगे आना होगा। उन्होंने कहा, इस परियोजना के तहत विकसित इलाके के रख-रखाव की जिम्मेदारी ग्रामीणों पर होगी। इसलिए, ग्रामीणों के लिए यह महत्वपूर्ण है कि वो इस परियोजना को सफल बनाने में टीम की सहायता करें। गुड़गांव के अतिरिक्त उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने कहा कि यह पहला मौका है जब पंचायतों को सीधे राष्ट्रपति भवन के साथ जोड़ा जाएगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत