1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. छोटा राजन की हत्या करने की साजिश नाकाम, चार गिरफ्तार

छोटा राजन की हत्या करने की साजिश नाकाम, चार गिरफ्तार

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jun 10, 2016 11:35 pm IST,  Updated : Jun 10, 2016 11:35 pm IST

फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर छोटा राजन की हत्या की कथित साजिश रचने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Chhota Rajan
- India TV Hindi
Chhota Rajan

दिल्ली: फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर छोटा राजन की हत्या की कथित साजिश रचने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह साजिश राजन के धुर प्रतिद्वंद्वी एवं भगोड़े डॉन दाउद इब्राहिम के विश्वासपात्र छोटा शकील के इशारे पर रची गई थी। चार कथित कांट्रैक्ट किलर को तीन जून को गिरफ्तार किया गया, जिसके बाद उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया गया और पांच दिन तक उनसे पूछताछ की गई। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान रॉबिन्सन, जुनैद, यूनुस एवं मनीष के रूप में हुई है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें अदालत में पेश किया गया जिसने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया। उन्होंने बताया कि शकील के एक करीबी सहयोगी ने पहले जुनैद से संपर्क किया, जिसने बाद सभी को योजना में शामिल किया। इस काम के लिए उन्हें 10 लाख रुपए देने का वादा किया गया था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि शुरूआत में योजना थी कि राजन की हत्या उसको सुनवाई के लिए जेल से अदालत लाने या वापस ले जाने के दौरान की जाएगी। लेकिन बाद में योजना बदल गई और उसपर अस्पताल जाने के दौरान हमला करना तय हुआ।

विशेष प्रकोष्ठ के विशेष पुलिस आयुक्त अरविन्द दीप ने ज्यादा जानकारी दिए बगैर कहा, मामले की जांच चल रही है। पुलिस ने दावा किया कि दिल्ली पुलिस का विशेष प्रकोष्ठ टेलीफोन पर सुनी गई बातचीत के आधार पर चारों आरोपियों तक पहुंचे। आरोपी शकील के लगातार संपर्क में थे। अधिकारी ने बताया कि चारों की पहचान किए जाने के बाद उन्हें पूर्वोत्तर दिल्ली के सीलमपुर और बाहरी दिल्ली के रोहिणी, गाजियाबाद और नोएडा में उनके आवास से पकड़ा गया।

पुलिस ने यह भी दावा किया कि एक आरोपी के पास से एक पिस्तौल और कारतूस भी बरामद किए गए। उन्होंने राजन को सुनवाई के लिए अदालत ले जाते समय उसकी हत्या करने की कथित रूप से योजना बनाई थी। अधिकारी ने बताया कि चारों आरोपी भी तिहाड़ जेल में बंद हैं जबकि राजन उच्च सुरक्षा वाले वार्ड में है। 27 वर्षों से फरार राजन (55) को ऑस्ट्रेलियाई संघीय पुलिस की खुफिया सूचना के आधार पर इंडोनेशिया के बाली में गिरफ्तार किया गया था और पिछले वर्ष नवंबर में भारत लाया गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत